Breaking News

अब ऊर्जादाता बनेगा देश का अन्नदाता-गडकरी

चांदपुर। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने जन विश्वास यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश का अन्नदाता ऊर्जादाता बनेगा। गन्ने से चीनी ही नहीं बल्कि इथेनॉल के रूप में बायो ईंधन तैयार कर वाहनों को सड़कों पर दौड़ाया जायेगा। प्रदूषण के लिए बदनाम पराली से सीएनजी का उत्पादन कर प्रदूषण से भी मुक्ति मिलेगी। जनसभा के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी प्रदेश सरकार के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रविवार को नगर के गुलाब सिंह हिंदू कॉलेज के मैदान में जन विश्वास रैली के माध्यम से केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गन्ना किसानों को उनके गन्ने का अधिकतम दाम दिलाने का वादा करते हुए कहा कि देश का किसान अन्नदाता ही नहीं बल्कि उर्जा दाता भी बनेगा। गन्ने के रस से सीधे इथेनॉल बनाकर उससे वाहनों को सड़कों पर दौड़ाया जाएगा । इतना ही नहीं गन्ने की खोई दिल्ली के प्रदूषण के लिए बदनाम पराली से सीएनजी गैस बनाकर किसानों का लाभ दुगना करने के साथ ही देश को प्रदूषण से भी मुक्ति दिलाने का काम भाजपा सरकार करेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के समय में देश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। सरकार ने नए मार्गों का निर्माण किया है। जल्द ही दिल्ली से देहरादून के लिए नई सड़क का निर्माण होगा। जिससे दिल्ली से देहरादून की दूरी डेढ़ घंटे में तय की जा सकेगी। इतना ही नहीं सरकार द्वारा बिछाए गए सड़कों के जाल से जल्दी ही दिल्ली से जयपुर-चंडीगढ़ पहुंचने में भी दो घंटे का वक्त लगेगा। श्रीनगर पहुंचने में भी 8 घंटे से अधिक का वक्त नहीं लगेगा। सरकार ऐसे मार्गों का निर्माण प्रगति के साथ करा रही है।

उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग के साथ ही जल मार्ग पर भी केंद्र सरकार का फोकस है। जल्द ही पानीपत से बंगाल की खाड़ी तक जलमार्ग शुरू किया जाएगा। जिसके जरिए पानीपत से पानी के जहाज के जरिए बंगाल की खाड़ी ही नहीं बल्कि विदेशों तक की दूरी तय की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर भाजपा सरकार की ही देन है। पानी के इंजन से वाहनों को चलाने की तैयारी की जा रही है। ऐसा होने पर डीजलपेट्रोल खरीदने के लिए विदेश जाने वाला हजारों करोड़ रुपए बचेगा और उसका उपयोग देश के किसानों की दशा सुधारने में किया जा सकेगा।

प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में सपा और रालोद के गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन स्वार्थ व भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए गुंडागर्दी व माफियाओं का गठबंधन बना है। जालीदार लाल टोपी पहनकर गठबंधन में लगे राजनीतिक दल भाजपा को हराने की सोच रहे हैं। उनका यह मंसूबा पूरा नहीं होगा। प्रदेश सरकार ने प्रदेश में जहां सड़कों का जाल बिछाया है वहीं गुंडों व माफियाओं को देश से बाहर का रास्ता दिखाया है। उपमुख्यमंत्री ने जनसभा में मौजूद लोगों से विधानसभा चुनाव में भाजपा की दूबारा सरकार बनाने की अपील की।

Loading...

Check Also

रजनीश सिंह यादव ने पदयात्रा कर रविदास मल्होत्रा को जीतने की अपील की

अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव रजनीश सिंह यादव ...