Breaking News

चार चरणों के चुनाव में भाजपा चारों खाने चित हो गयी है : अखिलेश यादव

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि चार चरणों के चुनाव में भाजपा चारों खाने चित हो गयी है। अब तो भाजपा के लोगों के आंसू की नदी भी बहने लगी है। इस चुनाव में जनता भाजपा से दस साल की सरकार का हिसाब-किताब लेगी। भाजपा ने किसानों से झूठे वादे किये। बुन्देलखण्ड समेत प्रदेश के किसानों को धोखा दिया। लोकसभा चुनाव में बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशाम्बी समेत पूरे बुन्देलखण्ड में भाजपा की करारी हार होगी। इंडिया गठबंधन की ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। भाजपा ने बुन्देलखण्ड समेत पूरे प्रदेश को लूटा है। बुन्देलखण्ड की जनता इस बार भाजपा को एक भी सीट नहीं जीतने देगी। बुन्देलखण्ड की जनता भाजपा के अहंकार को खण्ड-खण्ड कर देगी।

अखिलेश यादव ने गुरुवार बांदा लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन की समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती कृष्णा देवी, फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रत्याशी नरेश उत्तम पटेल और कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पुष्पेन्द्र सरोज के पक्ष में विशाल चुनावी जनसभाओं में ऐतिहासिक वोटों से उन्हें जिताने की अपील की।

अखिलेश यादव ने उक्त चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने दस साल में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ाकर लोगों का जीवन बर्बाद कर दिया है। सब चीजों के दाम महंगे कर दिये है। पढ़ाई-लिखाई, दवाई, सिंचाई सब कुछ महंगा हो गया है। यह चुनाव देश की आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बचाने का चुनाव है। यह लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। इस चुनाव में एक तरफ हम इंडिया गठबंधन के संविधान बचाने वाले लोग हैं। दूसरी तरफ संविधान बदलने की बात करने वाले भाजपा के लोग हैं। भाजपा बाबा साहब के संविधान को बदलना चाहती है। उनका नाम मिटाना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान से हम लोगों को न्याय, अधिकार और वोट डालने का अधिकार मिला है। भाजपा इन्हीं अधिकारों को छीनना चाहती है। आरक्षण खत्म करना चाहती है। संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने के लिए भाजपा को हटाना जरूरी है। भाजपा हटेगी तभी सब कुछ बचेगा। तभी भाईचारा बचेगा। भाजपा भेदभाव करती है। नफरत फैलाती है। समाज को लड़ाती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों सेे लोगों का जीवन संकट में पड़ गया। भाजपा ने किसानों, नौजवानों से झूठे वादे किये। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। भाजपा ने महंगाई बढ़ा कर किसानों की कमरतोड़ दी। खाद, बीज, सिंचाई सब महंगी कर दी लेकिन किसानों को फसलों की कीमत नहीं मिली। इस सरकार ने यूरिया की बोरी से 5-5 किलो करके 10 किलो यूरिया निकाल ली। इन्होंने किसानों को जबरदस्ती नैनो यूरिया खरीदवा दी कहा था पैदावार बढ़ जाएगी। डीएपी के साथ जबरदस्ती नैनो यूरिया खरीदवाई लेकिन पैदावार नहीं बढ़ी। अब पता चला है कि नैनो यूरिया बनाने वाले देश छोड़ कर भाग गये।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश और जनता को लूटने और भ्रष्टाचार कराने के लिए तमाम कम्पनियों और उद्योगपतियों को खुली छूट दी। भाजपा ने किसानों के साथ ही नौजवानों के साथ भी विश्वासघात किया। नौकरियों के झूठे सपने दिखाए। नौजवान कोचिंग और तैयारी करता रहा। जब परीक्षा हुई तो पेपर लीक करा दिया। परीक्षाएं रद्द हुई। नौजवानों का पैसा और समय बर्बाद किया। इस सरकार से युवाओं को कुछ नहीं मिला। सरकार ने युवाओं को ठगा है। पेपर लीक कर दिए। जिससे नौकरी और आरक्षण न देना पडे़। पेपर लीक से प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया।
यादव ने कहा कि भाजपा ने इसी तरह अग्निवीर योजना लाकर फौज की नौकरी को आधी अधूरी नौकरी कर दी है। अग्निवीर वालों को कोई सम्मान और सुविधा नहीं मिलती है। शहीद का दर्जा भी नहीं मिलता है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना हमेशा के लिए खत्म कर दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा पर कभी भरोसा नहीं किया जा सकता है। क्या किसी को पता था नोटबंदी होगी ? क्या किसी को पता था भाजपा सरकार हवाई अड्डे बेच देगी? क्या किसी को पता था बंदरगाह और रेलवे स्टेशन बेच देगी ? क्या कोई जानता था कि बैंकों को डुबो दिया जाएगा ? क्या कोई जानता था की नौकरियां आउटसोर्स कर दी जाएगी।
यादव ने कहा कि भाजपा ने वैक्सीन कम्पनी से चंदा वसूल कर सभी कर्मचारियों को वैक्सीन लगवा दी। वैक्सीन लगवाने में भी घोटाना कर लिया है। इलेक्टोरल बांड के नाम पर हजारों करोड़ रूपये वसूला। पूरा प्रदेश छुट्टा और अन्ना जानवरों से परेशान है। प्रधानमंत्री जी ने 2022 में कहा था इस समस्या का 15 दिन में समाधान कर देंगे। लेकिन आज भी अन्ना जानवरों की समस्या जस की तस है। किसानों की फसलें बर्बाद हो रही है। जानवरों के हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि छुट्टा जानवरों से बचाव के लिए जो बजट आया था सब भाजपा के लोग खा गये। किसानों के खेत सुरक्षित नहीं है। हम किसानों को भरोसा दिलाते हैं कि अन्ना जानवरों की समस्या का समाधान करेंगे। भाजपा के लोगों ने बुन्देलखण्ड को लूटा है। आज सबसे बड़े खनन माफिया भाजपा से जुड़े हैं। भाजपा ने खनन को लेकर लूट मचा रखी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने गरीबों को खराब राशन दिया। इंडिया गठबंधन ने फैसला किया है गरीबों को मिलने वाले राशन की गुणवत्ता ठीक करेंगे, मात्रा बढ़ायेंगे। पैकेट के आटा के साथ मोबाइल इंटरनेट चलाने के लिए डाटा मुफ्त देंगे। समाजवादी सरकार में छात्रों को लैपटॉप दिया था। भाजपा ने लैपटॉप नहीं दिया। किसानों की सिंचाई मुफ्त होगी। गरीब माताओं, बहनों को लखपति बनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपने बूथ और वोट की रक्षा की अपील करते हुए कहा कि कोई रोके तो भी हर हालत में वोट डाल देना। उन्होंने कहा कि इधर भाजपा और बसपा ने अंदर से हाथ मिला लिया है। मेरी बहुजन समाज के लोगों से अपील है कि बाबा साहब के संविधान को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को जितायें। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों को वोट दें।

Loading...

Check Also

लालू प्रसाद यादव के 77 वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया

अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय दरुलशफा स्थिति में धूमधाम ...