Breaking News

मारियुपोल इस्पात संयंत्र से कुछ लोगों को निकाला गया, अब भी सैकड़ों लोग फंसे होने की आशंका

खारकीव (यूक्रेन)। यूक्रेन में युद्धग्रस्त मारियुपोल शहर के इस्पात संयंत्र से कुछ महिलाओं और बच्चों को निकाला गया है। यूक्रेन के एक अधिकारी और रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी है। हालांकि माना जाता है कि अब भी वहां पर सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं जिनके पास खाने-पीने का ज्यादा सामान नहीं है। संयुक्त राष्ट्र अजोवस्ताल संयंत्र के नीचे छिपे एक हजार से ज्यादा लोगों को निकालने के वास्ते मध्यस्थता कर रहा है।

यूक्रेन ने यह नहीं बताया है कि संयंत्र में उसके कितने लड़ाके हैं, लेकिन रूस ने उनकी संख्या करीब दो हजार बताई है। गौरतलब है कि मारियुपोल का यह संयंत्र ही ऐसा इलाका है जहां रूस की फौज ने कब्जा नहीं किया है। तकरीबन एक लाख लोग अब भी शहर में हैं। रूस की सेना ने यूक्रेन के दक्षिणी और पूर्वी क्षेत्र के अहम हिस्सों पर कब्जा करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। रूस की बढ़त को रोकने के लिए यूक्रेन के बलों को गांव दर गांव लड़ना पड़ा है।

रूस की ‘आरआईए नोवोस्ती’ समाचार एजेंसी ने शनिवार को बताया कि इस्पात संयंत्र से 19 वयस्कों और छह बच्चों को निकाला गया है लेकिन उसने इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी। संयंत्र की हिफाज़त में लगी यूक्रेन की इकाई अज़ोव रेजिमेंट के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि संघर्षविराम के दौरान 20 आम लोगों को निकाला गया है। हालांकि यह साफ नहीं है कि वे उसी समूह की बात कर रहे हैं जिसके बारे में रूसी समाचार एजेंसी ने खबर दी है। बहरहाल, संयुक्त राष्ट्र की ओर से इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की गई है।

रेजिमेंट के टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट किए गए वीडियो में एस पलामार ने कहा कि इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने घायलों को भी निकाले जाने का आह्वान करते हुए कहा, “ हमें नहीं पता कि उन्हें क्यों नहीं निकाला गया और उन्हें यूक्रेन के कब्जे वाले क्षेत्र में ले जाने के लिए चर्चा क्यों नहीं की जा रही है।” यूक्रेन की दो महिलाओं ने अमेरिकी समाचार एजेंसी एसोसिएटिड प्रेस के साथ संयंत्र के अंदर के वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं और कहा है कि उनके पति लड़ाकों में शामिल हैं और समर्पण करने से मना कर रहे हैं।

महिलाओं ने कहा कि मेडिकल कर्मी कम से कम 600 घायलों का इलाज कर रहे हैं। महिलाओं ने आग्रह किया कि यूक्रेन के लड़ाकों को भी आम लोगों के साथ निकाला जाए। उन्होंने आगाह किया कि अगर वे पकड़े जाते हैं तो उन्हें प्रताड़ित किया जाएगा। युलिया फेदुसियुक ने रोम में ‘एपी’ से कहा कि सैनिकों की जिंदगी भी मायने रखती है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार देर रात वीडियो संबोधन में रूसी सैनिकों से यूक्रेन में युद्ध न लड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रूस के सैन्य अधिकारी भी जानते हैं कि यूक्रेन युद्ध में हजारों रूसी सैनिक मारे जा सकते हैं। जेलेंस्की ने कहा कि रूस युद्ध के शुरुआती हफ्तों में नष्ट होने वाली अपनी सैन्य टुकड़ियों में नए जवानों की भर्ती कर रहा है, जिन्हें ‘जंग लड़ने का अनुभव और प्रेरणा बेहद कम है’, ताकि इन टुकड़ियों को युद्ध में दोबारा उतारा जा सके।

अन्य घटनाक्रम:-

  1. यूक्रेन के उप कृषि मंत्री तरस वीसोत्स्की ने टीवी पर बताया कि रूस की सेना ने अपने कब्जे वाले इलाकों में हजारों टन अनाज पर कब्जा कर लिया है।
  2. ओडेसा में रूस के रॉकेट हमले ने हवाई अड्डे के एक रनवे को तबाह कर दिया। यह यूक्रेन का तीसरा सबसे ज्यादा आबादी वाली शहर है।
  3. कीव क्षेत्र के पुलिस प्रमुख एंड्री नेबितोव ने कहा कि बुचा के पास एक जंगल से तीन पुरुषों के शव शुक्रवार को मिले हैं, जिन्हें प्रताड़ित किया गया था और सिर पर गोली मारी गई थी।
  4. रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव ने एक साक्षात्कार में कहा कि रूस और यूक्रेन के वार्ताकार करीब-करीब रोज़ ही बातचीत करते हैं। उन्होंने चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ से कहा कि बातचीत में प्रगति होना आसान नहीं है।
  5. पूर्वी शहर पोपसना से लोगों को निकालने के लिए भेजी गई दो बसों पर गोलीबारी की गई है जिससे उनका आयोजकों से संपर्क टूट गया। महापौर एन खानातोव ने बताया कि बसों के शहर में पहुंचने पर उन पर गोलीबारी की गई।
Loading...

Check Also

“कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने जेनिफर लोपेज और नाओमी कैंपबेल के साथ सितारों से सजे कार्यक्रम की शान बढ़ाई”

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, दुबई : ग्लैमर के चकाचौंध प्रदर्शन में, दुबई में सितारों से ...