Breaking News

उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली भाजपा : अखिलेश यादव

अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया को घमंडिया कहने वाले खुद सबसे बडे़ घमंडी हैं। इंडिया गठबंधन में जितने भी दल और नेता हैं वे अपने राज्यों में बहुत ताकतवर हैं। लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन भाजपा गठबंधन को केन्द्र की सत्ता से हटाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को लेकर तरह-तरह की बातें करने वाली भाजपा खुद कितनी कमजोर है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जो दल कुछ भी नहीं है उनके साथ भी वह गठबंधन को तैयार है। जो दल भाजपा को दिन रात कोसते थे और तमाम तरह के आरोप लगाते थे उनके भी सामने उसे झुकना पड़ रहा है। यादव ने दिल्ली में न्यूज चैनल से साक्षात्कार में कहा कि खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली भाजपा उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ऐसे दलों के सामने झुकी हुई है, जो उसे दिन रात बुरा भला कहते है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने वाली भारतीय जनता पार्टी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। भाजपा अपनी कमियां छुपाती है और दूसरों पर उंगली उठाती है। आज भाजपा देश की सबसे बड़ी परिवारवादी पार्टी है। उसकी सूची बहुत लम्बी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी भी खुद परिवारवाद की वजह से गोरखपुर से सांसद बने और गोरक्षनाथ पीठ के महंत बने। उन्होंने कहा कि जो लोग हमारे ऊपर परिवारवाद का आरोप लगाते हैं वे लोकतंत्र में चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं। पार्टियों में अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के द्वारा चुनकर बनते हैं और लोकसभा और विधानसभाओं में जनता चुनकर भेजती है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के बनाये संविधान को नुकसान पहुंचा रही है। डॉ0 राम मनोहर लोहिया के सपनों को तोड़ रही है। लोकतंत्र को खत्म कर रही है। देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने, गरीबों, किसानों और नौजवानों को उनका हक दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी लड़ाई लड़ रही है। भाजपा ने 2014 से चुनाव लड़ने का तरीका बदल दिया है। इसलिए समाजवादी पार्टी ने भी पिछले चुनाव में बड़े दिल के साथ गठबंधन किया और भाजपा का मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी को नहीं हराया था। हम मैनेजमेंट की वजह से चुनाव हारे। भाजपा ने बेईमानी और चोरी से विधानसभा चुनाव जीता। भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलकर धांधली की। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि हर गठबंधन में हमें कुछ न कुछ सिखाया है। समाजवादियों का वोट कभी कम नहीं हुआ। हर चुनाव में सपा का वोट बढ़ा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने चुनाव के दौरान चुनाव आयोग में जितनी भी शिकायते की, किसी अधिकारी के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हुई। विधानसभा चुनाव में जानबूझकर समाजवादी पार्टी समर्थकों के वोट काटे गए। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि ज्यादा से ज्यादा वोट पड़े। मतदाता सूची से क्यों यादव और मुस्लिम के वोट काट दिये गये। सन् 2019 के लोकसभा चुनाव में वोट डालने वाले हजारों मतदाताओं के नाम सन् 2022 के विधानसभा चुनाव में काट दिए गए थे। समाजवादी पार्टी ऐसे लगभग 18 हजार वोटरों की सूची चुनाव आयोग को दी थी। इसकी चुनाव आयोग में शिकायत की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। श्री यादव ने कहा कि हमारे देश में 85 प्रतिशत आबादी गरीबों की है। उनके बारे में सोचना पड़ेगा। जातीय जनगणना से ही उन्हें न्याय मिल सकेगा। डॉ0 राममनोहर लोहिया और डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के सामाजिक न्याय का सपना तभी पूरा होगा। जब समाज में अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामी का सपना दिखा रहे हैं लेकिन इसके लिए ग्रोथ रेट कितनी होनी चाहिए यह नहीं बताते। नीति आयोग के सभी मानकों में उत्तर प्रदेश पिछड़ा जा रहा है। भाजपा सरकार जनता को सपना दिखाना बंद करें। जी-20 सम्मेलन को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा इसका चुनावी लाभ लेना चाहती है तो इसे पार्टी फण्ड से क्यों नहीं कराती। उन्होंने कहा कि जी-20 का सम्मेलन मणिपुर में होना चाहिए। मणिपुर हमारा एक केन्द्रशासित राज्य है। वहां पर सम्मेलन होगा तो दुनिया में संदेश जाता। मणिपुर से जो तस्वीरे आयीं वे बेहद शर्मनाक थी। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा देश और लोकतंत्र के लिए खतरा है। भाजपा ने जनता से झूठे वादे किये। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। नौजवानों को नौकरी और रोजगार नहीं मिला। छात्रों को लैपटाप नहीं बांटे। निवेश के लिए जो एमओयू हुए जमीन पर नहीं दिखाई पड़े। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में एक भी बिजली का पावर प्लांट नहीं लगाया। यूपी में स्वास्थ्य सेवाएं भाजपा ने बर्बाद कर दी है। उत्तर प्रदेश सभी पैरामीटर पर पिछड़ा जा रहा है। केन्द्र में दस वर्ष और यूपी में सात वर्ष से भाजपा सत्ता में है। एक भी जिला अस्पताल नहीं बना। गोरखपुर के एम्स में अभी आपरेशन नहीं हो रहे है। भाजपा ने प्रदेश में पांच एम्स बनाने का वादा किया था कहां बना? भाजपा सिर्फ झूठे सपने दिखाती है। इस बार जनता भाजपा और उसके गठबंधन को हराएगी। लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर इंडिया गठबंधन जीतेगा।

Loading...

Check Also

चार चरणों के चुनाव में भाजपा चारों खाने चित हो गयी है : अखिलेश यादव

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व ...