Breaking News

ध्वस्त हुई यूपी की कानून व्यवस्था, महिला राज्य मंत्री की कार पर हमला, दबंगों द्वारा नाबालिग को उठाकर रेप का प्रयास, बीजेपी नेता की हत्या, बजरंगदल नेता को मारी गोली, विपक्ष कहे “जंगलराज”

सांकेतिक दृश्य जंगलराज

मनोज श्रीवास्तव, लखनऊ : “भाजपा का राज होगा, भयमुक्त समाज होगा” का नारा देकर यूपी दोबारा सरकार बनाने वाले भाजपाराज के कानून व्यवस्था की पोल खुल गयी है। हप्ते भर के अंदर हुई घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर यूपी सरकार के दावों की पोल खोल दिया है। देवरिया में प्रदेश सरकार की महिला मंत्री की कार पर हमला, आगरा में भाजपा नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मुरादाबाद में भाजपा नेता की गोली मार कर हत्या, सहारनपुर में बजरंग दल नेता को गोली मार कर घायल कर दिया गया। फिर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के अफसर मानने को तैयार नहीं हैं कि राज्य में कानून व्यवस्था की हालत खराब हुई है। जबकि विपक्ष ने भाजपा सरकार के दावों की हवा निकाल दी है। विपक्ष के अनुसार उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम है !

1-देवरिया में ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम की कार पर हमला हुआ। हमले में मंत्री की कार का शीशा टूट गया। मंत्री के PSO की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए बुलेट सवार नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। विजय लक्ष्मी गौतम देवरिया जिले की सलेमपुर सीट से भाजपा की विधायक हैं। बीते सोमवार को वह अपनी स्कॉर्ट के साथ देवरिया के सोनुघाट रास्ते से होते हुए कुशीनगर जा रही थीं। इसी दौरान परसिया भंडारी गांव के पास यह घटना हुई, जिसमें उनके काफिले की कार का साइड मिरर टूट गया और सामने लगे शीशे में भी क्रैक आया है। मंत्री विजय लक्ष्मी के मुताबिक, अचानक उनकी गाड़ी पर हमला किया गया। वो हमलावर को जानती तक नहीं थीं। उसकी बुलेट से उनकी कार टच भी नही हुई थी। फिर भी वो उंगली दिखाकर, गाली दे रहा था। घटना पर जिले के एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया है, जांच की जा रही है।

राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी

2 -जौनपुर में दलित लड़की से 6 लड़कों ने की दरिंदगी, वायरल वीडियो में दबंग नोंचते-घसीटते रहे, वह पापा बचाओ चिल्लाती रही ! जौनपुर में एक दलित लड़की से दरिंदगी का वीडियो सामने आया है। इसमें 6 लड़के उसके साथ जबरदस्ती कर रहे हैं। उसके शरीर को नोंच रहे हैं। कपड़े फाड़ रहे हैं। लड़की खुद को बचाने के लिए छटपटा रही है। हाथ जोड़ रही है और ‘पापा बचाओ-बचाओ’ चिल्ला रही है। घटना सोमवार रात यानी 14 अगस्त की है। इसका वीडियो बुधवार को सामने आया है। इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक अजयपाल शर्मा के पीआरओ ने बताया कि पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को साधारण धाराएं लगाकर, अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। घटना मछली शहर तहसील के एक गांव की है। पीड़िता मां ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया, ”14 अगस्त की रात मैं, पति और बेटी के साथ घर के बरामदे में चारपाई पर सो रही थी। आधी रात गांव के ही 6 युवक, जिनसे हमारी पुरानी रंजिश भी है। बेटी को बेहोश किया और उठाकर गन्ने के खेत में ले गए।
पीड़िता की मां के मुताबिक, वहां आरोपियों ने बेटी के साथ छेड़खानी की। जबरदस्ती की। जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गालियां दीं। बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनकर मैं, पति और गांव वालों के साथ मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो गए। हम लोगों ने लोक लाज के चलते आरोपियों के खिलाफ शिकायत नहीं की थी। लेकिन आरोपियों ने बेटी के साथ छेड़खानी का वीडियो बना लिया था। जिसे उन्होंने वायरल कर दिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी आशीष बिन्द, विक्की बिन्द, गोरे बिन्द, प्रमोद बिन्द, पप्पू बिन्द, शेषमणि बिन्द के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि मां की तहरीर पर सभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 506 और SC-ST में मुकदमा दर्ज किया है।” पुलिस ने वीडिओ के बाद भी धाराओं में खेल किया, रेप के प्रयास या रेप की धाराओं एवं उठाकर / अपहरण की धाराओं से दबंगों / बलात्कारियों का बचाव किया !

सांकेतिक चित्र

3- आगरा में बुधवार की दोपहर बाइक सवार हमलावरों ने घर के सामने भाजपा नेता को गोली मार कर आरोपी मौके से फरार हो गए। भाजपा नेता गोली लगने से लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। परिजन ने देखा तो चीख-पुकार मच गई। परिजन उन्हें लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे। यहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना न्यू आगरा थाना क्षेत्र के विजय नगर कॉलोनी, नगला धनी बस्ती की है। यहां भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र के पूर्व महामंत्री राकेश कुशवाह का घर है। बुधवार की दोपहर वह घर के बाहर खड़े थे। इसी समय बाइक से दो हमलावर आए। उन्होंने तमंचे से राकेश पर दो फायर किए। इसके बाद तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि घायल का पूर्व से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद में गोली मारे जाने की आशंका है। जांच की जा रही है। वहीं मोहल्लेवासियों ने बताया कि राकेश का प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। इसी के चलते गोली मार जाने की आशंका है।

राकेश कुशवाह [ सड़क पर गिरे हुए ]

4-सहारनपुर में शुक्रवार देर रात को बजरंग दल के कार्यकर्ता अभिषेक पंडित को कथित बदमाशों ने कथित गोली मार दी। गोली उनके बाएं हाथ में लगी। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी इकट्‌ठा हो गए। घायल को दिल्ली रोड के मेडिग्राम में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो साल पहले आरोपियों ने एक लड़की का अपहरण कर धर्म परिवर्तन करा लिया था। जिसका बजरंगदल नेता ने विरोध किया था। गिरफ्तार आरोपी शहराज व सलमान ने बताया कि शहराज ने जब लड़की का धर्मांतरण करवा के निकाह किया था, तभी से बजरंगदल नेता अभिषेक पंडित उसके निशाने पर था।

शहराज एवं सलमान

5-संभल के ऐचोड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के गांव अलिया नेकपुर निवासी भाजपा नेता अनुज चौधरी, नया मुरादाबाद स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसायटी रहते थे। जबकि उनका परिवार अमरोहा के बुखारीपुर गांव में रहता है। बृहस्पतिवार शाम सोसायटी परिसर में अनुज चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें पेट, सीने और सिर में पांच गोलियां मारी गईं। एक बाइक पर तीन बदमाशों ने मात्र 15 सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया। अनुज घटना के समय पुनीत चौधरी के साथ सोसायटी परिसर में ही रोज की तरह टहल रहे थे।

घेरे में अनुज चौधरी [ फाइल फोटो ]

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर विपक्ष हमलावर

सप्ताह भर में घटी घटनाओं पर प्रदेश के विभिन्न राजनैतिक दलों ने निंदा किया है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी ने कहा कि इस कानून व्यवस्था को सुशासन कहेंगे तो जंगलराज किसे कहेंगे ? दलित महिला जो प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री है उस हमला होना सरकार पर हमला है। जौनपुर का वायरल वीडियो बहुत शर्मनाक है। वीडियो में दबंग बेटी को जबरन उठा ले जा रहे हैं वह अपने आबरू और प्राण की भीख मांग रही है। भाजपा नेता स्वयं सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था को लेकर सरकार का दावा झूठा है। उन्होंने कहा कि जो सरकार अपने राज्य में पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक नहीं दे पा रही है। वह राज्य के नागरिकों को सुरक्षा क्या प्रदान कर पायेगी ?
कांग्रेस प्रवक्ता दीपक सिंह ने कहा कि यूपी में जंगलराज है। कानून व्यवस्था का दावा करने वाली पार्टी के नेताओं को गोलियों से भूना जा रहा है। अहंकारी सरकार इस सत्य को स्वीकार करने से भाग रही है। हर वर्ग के लोग त्रस्त हैं, जनता जाग गयी है। 2024 में भाजपा का खाता नहीं खुलेगा। जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आयेगा, भाजपा दंगा-फसाद की स्क्रिप्ट तैयार करेगी।
रालोद के राष्ट्रीय मंत्री अनिल दुबे ने कहा कि पूरा प्रदेश जल रहा है सरकार जी20 में व्यस्त है। निवेश के झूठे आंकड़े गढ़ने में कानून व्यवस्था में सुधार लाने की जगह बदतर हालात पैदा कर दी। जब प्रदेश कोई सुरक्षित ही नहीं रहेगा तो निवेश कहाँ से आ जायेगा ? निवेश का दावा छलावा है, प्रदेश जंगलराज की चपेट में !

Loading...

Check Also

हज़ारों नागरिकों ने चुनाव आयोग से हेट स्पीच के लिए पीएम मोदी के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बांसवाड़ा / टोंक : राजस्थान के बांसवाड़ा एवं टोंक में प्रधानमंत्री ...