Breaking News

स्पेन की पर्यटक के साथ गार्ड ने चेकिंग के दौरान की छेड़छाड़, जांच के लिए पहुंची पर्यटन पुलिस

आगराः एत्माद्दौला स्मारक देखने आई स्पेन की पर्यटक के साथ सिक्योरिटी गार्ड ने चेकिंग के दौरान छेड़छाड़ कर दी। पर्यटक की शिकायत लिखा एक पत्र मंगलवार को वायरल हुआ। इसके बाद एएसआई ने सिक्योरिटी गार्ड को नौकरी से निकाल दिया। इसकी जानकारी पर पर्यटन थाना पुलिस जांच के लिए पहुंची। मगर, पुलिस को स्मारक की विजिटर बुक में पर्यटक की कोई शिकायत नहीं मिली। हालांकि पुलिस जांच कर रही है। घटना की पुष्टि हो गई है। स्पेन की पर्यटक पति के साथ आई थीं। दोपहर एत्माद्दौला स्मारक पहुंची। महिला पर्यटक की तलाशी सिक्योरिटी गार्ड हरिओम निवासी रूपवास, भरतपुर (राजस्थान) ने ली। थाना पर्यटन के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि पर्यटक के साथ हुई घटना से संबंधित एक कापी के पन्ने पर लिखा पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

इसमें सिक्योरिटी गार्ड के छेड़छाड़ करने और उसे दंडित करने के बारे में लिखा था। इसकी जानकारी पर वह जांच के लिए स्मारक में पहुंचे थे। स्पेन की पर्यटक से छेड़छाड़ का आरोप सिक्योरिटी गार्ड हरिओम पर है। उसे नौकरी से निकाल दिया गया है। एक अन्य सिक्योरिटी गार्ड विष्णु ने पूछताछ में बताया कि चेकिंग के दौरान पर्यटक ने आपत्ति की थी। इस पर हरिओम ने माफी मांगी थी। इसके बाद पर्यटक चली गई थी। विजिटर बुक में कोई शिकायत नहीं की। सीए सुमन डोगरा ने पुलिस को बताया कि पर्यटक से छेड़छाड़ की जानकारी उन्हें तुरंत नहीं दी गई थी। पत्र वायरल होने पर गार्डों से पूछताछ की। इसमें घटना की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी गार्ड हरिओम को नौकरी से निकाला गया। पुलिस ने बताया कि एत्माद्दौला स्मारक के गेट पर दो सिक्योरिटी गार्ड रहते हैं। इनमें एक महिला गार्ड है। वह महिलाओं की चेकिंग के लिए है। सोमवार को वह ड्यूटी पर थी।

इसके बावजूद उसने चेकिंग क्यों नहीं की। यह सवाल है। एक गार्ड स्मारक के अंदर रहता है। पुलिस का कहना है कि स्पेनिश पर्यटक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गाइडों से संपर्क किया जा रहा है। स्मारक में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। कैमरे लगे होते तो जिस गाड़ी से पर्यटक आए, उसके नंबर से पता किया जा सकता था। होटल संचालकों से भी संपर्क किया जा रहा है। थाना पर्यटन के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करने के लिए पीड़िता का होना जरूरी है। उनके पुलिस बयान दर्ज करेगी। मेडिकल भी कराया जाता है। ईमेल पर मुकदमे और कार्रवाई से संबंधित जानकारी साझा की जाती है। घटना को दबाने का प्रयास किया गया है।

Loading...

Check Also

पहले चरण की पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों के रुझान एवं कम प्रतिशत से सीएम योगी परेशान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, सहारनपुर : कल पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कुछ ...