Breaking News

जबलपुर एअरपोर्ट सिर्फ जबलपुर एअरपोर्ट नहीं बल्कि इसका केचमेंट एरिया सम्पूर्ण पूर्वी मध्य प्रदेश अथवा महाकौशल है और यही कारण है कि हवाई सेवाओं के विस्तार की अत्यंत संभावनायें जबलपुर में हैं

जबलपुर। जबलपुर में एयरकनेक्टिविटी को बढ़ाने लगातार प्रयास कर रहे सांसद राकेश सिंह ने इंडिगो विमान सेवा कंपनी की उड़ान जबलपुर से प्रारंभ करने हेतु नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिंन्हा एवं इंडिगो के शीर्ष अधिकारी वोल्फगांग प्राॅक से उड्डयन मंत्रालय स्थित राज्यमंत्री सिन्हा के चैम्बर में संयुक्त बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में सांसद सिंह ने जबलपुर में हवाई सेवाओं की संभावनाओं पर विस्तार से सारी जानकारियां इंडिगो के वोल्फगांग प्राॅक को दी। उन्होंने बताया कि जबलपुर एअरपोर्ट सिर्फ जबलपुर एअरपोर्ट नहीं बल्कि इसका केचमेंट एरिया सम्पूर्ण पूर्वी मध्य प्रदेश अथवा महाकौशल है और यही कारण है कि हवाई सेवाओं के विस्तार की अत्यंत संभावनायें जबलपुर में है। इसलिए इंडिगो अगर जबलपुर से उड़ान प्रारंभ करती है तो पर्याप्त मात्रा में यात्री जबलपुर से मिलेंगे साथ ही जबलपुर एअरपोर्ट शीघ्र ही सर्वसुविधायुक्त एअरपोर्ट होने जा रहा है। क्योंकि लगातार पूर्व के प्रयासों के परिणामस्वरूप इस एअरपोर्ट के विस्तार के लिए जिसमें नई टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे का विस्तार, एटीसी टावर का निर्माण और यात्री सुविधाओं में वृद्धि इन सबके लिए लगभग 450 करोड़ रू0 केन्द्र सरकार ने स्वीकृत कर दिया है। अतः आने वाले समय में जबलपुर संभावनाओं वाला तथा व्यस्त एअरपोर्ट के रूप में विकसित होने जा रहा है।

केन्द्रीय उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने भी इस बात पर पूर्ण सहमति दी तथा इंडिगो के शीर्ष अधिकारियों से उन्होंने कहा कि इंडिगो जबलपुर से उड़ान प्रारंभ करती है तो इस हेतु जो भी आवश्यक सुविधायें मंत्रालय अथवा एअरपोर्ट अथारिटी आॅफ इंडिया से कम्पनी को चाहिये वह उपलब्ध करायी जायेगी।

गौरतलब है कि पूर्व में भी सांसद सिंह ने नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा के माध्यम से इंडिगो के उच्च अधिकारियों से चर्चा कर जबलपुर में हवाई सेवा शुरू करने का आमंत्रण दिया था। इंडिगो ने इस पर प्रारंभिक रूप से कुछ रूचि दिखायी थी किन्तु बाद में चूंकि इंदौर में अपनी सेवाओं का काफी विस्तार इंडिगो ने किया है। अतः इंडिगो ने जबलपुर में डायरेक्टर, एअरपोर्ट आॅफ इंडिया जबलपुर को मेल भेजकर यह सूचना दी थी कि फिलहाल इंडिगो जबलपुर में शुरूआत नहीं कर रही है भविष्य में जब करना चाहेंगे तो इसकी जानकारी वे देंगे। इसके पश्चात सांसद ने नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा से चर्चा कर यह मीटिंग निर्धारित की और इसमें सांसद सिंह ने पूर्ण विश्वास दिलाया कि इंदौर से प्रारंभ होने वाली उड़ानों के बावजूद भी जबलपुर में इंडिगो को सेवा प्रारंभ करने के पश्चात निराशा नहीं होगी। इस दिशा में अभी इंडिगो ने जो रूचि दिखायी थी वह जबलपुर से इंदौर को हवाई मार्ग से जोड़कर फिर इंदौर एअरपोर्ट से जबलपुर के यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए फ्लाइट लेने का विचार किया था।

सांसद सिंह ने इस संदर्भ में विस्तार से चर्चा कर कहा कि जबलपुर के लोगों को इंदौर जाकर फ्लाइट लेने से कोई फायदा नहीं होगा बल्कि जबलपुर से ही देश के प्रमुख स्थानों से उड़ान प्रारंभ करेंगे तो लाभदायक होगा। चूंकि वर्तमान में दिल्ली तथा मुम्बई दोनों ही एअरपोर्ट पर किसी अन्य उड़ान को प्रारंभ करने की संभावना बिल्कुल नहीं है। सांसद सिंह ने इस दृष्टि से इंडिगो के शीर्ष अधिकारी को सुझाव दिया कि हैदराबाद से जबलपुर, जबलपुर से पुणे, पुणे से जबलपुर तथा जबलपुर से अहमदाबाद व अहमदाबाद से फिर जबलपुर और अंत में जबलपुर से हैदराबाद इन मार्गों पर फ्लाइट शुरू होती है तो जबलपुर के लोगों को भी फायदा होगा व इंडिगो को भी पर्याप्त मात्रा में यात्री मिलेंगे।
सांसद राकेश सिंह के सुझाव पर सहमति देते हुए इंडिगो के शीर्ष अधिकारी वोल्फगांग प्राॅक ने जबलपुर से वायुसेवा प्रारंभ करने पर विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेने की बात की।

सांसद सिंह ने कहा कि उनका निरन्तर प्रयास है कि जबलपुर में रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो, युवाओं को शिक्षा के बेहतर साधन उपलब्ध हों, इलाज की दृष्टि से मरीजों को कठिनाई न हो, इसके साथ ही जबलपुर में उद्योग-धंधों की स्थापना अधिक हो, इन सबके लिए एअर कनेक्टिविटी बढ़ाने का प्रयास निरन्तर रहा है और आने वाले समय में भी जारी रहेगा। सांसद सिंह ने उम्मीद जतायी है कि इंडिगो सांसद के सुझाये गये इन मार्गों पर शीघ्र उड़ान प्रारंभ करने का निर्णय करेगा।

Loading...

Check Also

पहले चरण की पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों के रुझान एवं कम प्रतिशत से सीएम योगी परेशान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, सहारनपुर : कल पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कुछ ...