Breaking News

राज्यसभा की कार्यवाही बाधित करने पर संजय सिंह सहित आप के तीन सदस्य दिन भर के लिए निलंबित

अशाेक यादव, लखनऊ। राज्यसभा में बुधवार को आम आदमी पार्टी के तीन सदस्यों संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता को सदन की कार्यवाही बाधित करने पर दिन भर के लिए निलंबित कर दिया गया। बाद में उन्हें मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया।

सुबह, उच्च सदन में शून्यकाल समाप्त होने पर संजय सिंह ने आंदोलन कर रहे किसानों से जुड़ा मुद्दा उठाने का प्रयास किया। लेकिन सभापति एम वेंकैया नायडू ने उन्हें अनुमति नहीं दी और कहा कि सदस्य राष्ट्रपति अभिभाषण पर होने वाली चर्चा में अपनी बात रख सकते हैं।

लेकिन इसके बाद भी आप सदस्यों ने नए कृषि कानूनों का विरोध जारी रखा और नारेबाजी शुरू कर दी। सभापति नायडू ने पहले उन्हें चेतावनी दी और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने को कहा। उन्होंने कहा कि तीन सदस्य सदन की कार्यवाही को बाधित नहीं कर सकते।

बहरहाल आप सदस्यों का हंगामा जारी रहा और सभापति ने उन्हें नियम 255 के तहत दिन भर के लिए निलंबित कर दिया और तीनों सदस्यों को सदन से बाहर जाने को कहा। पर निलंबित सदस्यों ने आसन के निर्देश को स्वीकार नहीं किया और सदन में ही बने रहे। इस पर सभापति ने नौ बजकर करीब 35 मिनट पर बैठक पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।

बैठक फिर शुरू होने पर सभापति नायडू ने तीनों सदस्यों को बाहर जाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने मार्शल को बुला लिया। मार्शल की मदद से आप के तीनों सदस्यों को सदन से बाहर कर दिया गया।

Loading...

Check Also

पहले चरण की पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों के रुझान एवं कम प्रतिशत से सीएम योगी परेशान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, सहारनपुर : कल पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कुछ ...