Breaking News

मुंबई किसान रैली: मार्च के लिए नहीं मिली इजाजत, 23 किसानों का प्रतिनिधिमंडल जाएगा राजभवन

अशाेक यादव, लखनऊ। मुंबई में पुलिस ने किसान रैली स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं और प्रदर्शनकारियों को दक्षिणी मुंबई में यहां से राजभवन तक मार्च करने की इजाजत नहीं दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आजाद मैदान में रैली के बाद किसानों को राजभवन तक मार्च निकालना था। लेकिन सभी किसानों को वहां तक जाने की इजाजत नहीं मिली है। ऐसे में अब कुल 23 किसानों का प्रतिनिधिमंडल ही राजभवन जाएगा और अपनी मांगों को सामने रखेगा।  महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से हजारों किसान केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों का विरोध करने के लिए दक्षिणी मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित एक रैली में हिस्सा लेने आए हैं।

ऑल इंडियास किसान सभा की महाराष्ट्र इकाई ने कहा कि प्रदर्शनकारी बाद में राज भवन तक मार्च करेंगे और विभिन्न मांगों को लेकर राज्यपाल बी एस कोश्यारी को ज्ञापन सौंपेंगे। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) विश्वास नांगड़े पाटिल ने कहा, ‘‘ बंबई उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार दक्षिणी मुंबई में किसी मार्च की अनुमति नहीं है और हम किसानों के प्रतिनिधियों को अदालत के आदेश का पालन करने के लिए कह रहे हैं।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘ वे हमसे राजभवन तक मार्च करने देने की अपील कर रहे हैं लेकिन हमने उन्हें उच्च न्यायालय का आदेश दिखाया है। अगर वे राजभवन की तरफ जाने के लिए आजाद मैदान से बाहर निकलते हैं तो हम उन्हें रोकने की कोशिश करेंगे और सिर्फ प्रतिनिधिमंडल को ही राजभवन जाने के अनुमति देंगे।’’

उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोग काम के लिए दक्षिणी मुंबई आते हैं और ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के विस्तृत बंदोबस्त किए गए हैं।  अधिकारी ने कहा, ‘‘हम नहीं चाहते हैं कि लोग मोर्चा की वजह से यातायात जाम का सामना करें। दक्षिणी मुंबई में वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से होगी।’’

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरुद्ध दिल्ली के पास हो रहे आंदोलन के समर्थन में मुंबई में किसानों को जुलूस निकालने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल “लोकप्रियता” हासिल करने के लिए किया जा रहा है। आठवले ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के पक्ष में है और उन्हें न्याय दिलाना चाहती है।

Loading...

Check Also

रजनीश सिंह यादव ने पदयात्रा कर, रविदास मल्होत्रा को जिताने की अपील की

अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव रजनीश सिंह यादव ...