Breaking News

भाजपा संविधान बदलना चाहती है : अखिलेश यादव

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / श्रावस्ती / फ़ैजाबाद / सुल्तानपुर / अम्बेडकरनगर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज लोकसभा श्रावस्ती में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी रामशिरोमणि वर्मा, लोकसभा फैजाबाद में अवधेश प्रसाद, लोकसभा सुल्तानपुर में प्रत्याशी राम भुआल निषाद और लोकसभा अम्बेडकरनगर में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी लालजी वर्मा के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए रिकार्ड वोटों से उन्हें जिताने की अपील की।

विशाल जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा घबरा गई है। चार चरणों के चुनाव में भाजपा चारों खाने चित हो गयी है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। जनता बीजेपी सरकार से परेशान है। जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए मतदान कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के अनुयायी और देश को विकास के रास्ते पर ले जाने वाले लोग भाजपा की सरकार हटाने के लिए इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताये। भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। बाबा साहब के संविधान से सभी को अधिकार मिले हुए हैं। संविधान से न्याय, सम्मान और आरक्षण मिला है। संविधान हम सबके लिए संजीवनी है। संविधान बचेगा तभी लोकतंत्र बचेगा। लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने के लिए भाजपा को हटाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में 140 करोड़ देशवासी भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देंगे। जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है भाजपा के खिलाफ जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सातवें चरण में जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर होगा। भाजपा ने सबको धोखा दिया। किसी को नहीं छोड़ा। भाजपा सरकार ने देश के सीधे, सच्चे, ईमानदार किसानों का भरोसा तोड़ा है। किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था लेकिन दस साल में आय दोगुनी नहीं हुई। यह सरकार महंगाई बढ़ाती चली गयी। महंगाई आसमान पर पहुंच गयी। खाद, डीजल, कीटनाशक हर चीज महंगी हो गयी। खेती की लागत बढ़ गयी। खाद की बोरी से भी 10 किलो खाद चोरी कर ली। पैदावार बढ़ाने का झांसा देकर नैनो यूरिया खरीदवा दी। जैसे बड़े-बड़े उद्योगपति देश का पैसा लेकर भाग गये उसी तरह नैनो यूरिया वाला भी विदेश चला गया।
यादव ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों से देश का बहुत नुकसान हुआ है। भाजपा सरकार ने किसानों के साथ नौजवानों को भी धोखा दिया। नौजवानों को नौकरी रोजगार नहीं दिया। भर्ती परीक्षाआंे के पेपर जानबूझकर लीक करा दिये। लाखों नौजवानों का भविष्य खराब हो गया। सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी नहीं देना चाहती है। भाजपा सरकार गरीबों को बुलडोजर से डराती है लेकिन पेपर लीक करने वालों पर बुलडोजर नहीं चला। इस सरकार ने फौज की नौकरी को अग्निवीर बना दिया। फौज की नौकरी आधी अधूरी कर दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों के कर्ज माफ करेगी। किसानों को फसलों की एमएसपी का कानूनी अधिकार देगी। किसानों को सम्मान और सुविधाएं मिलेगी। नौजवानों को सरकारी विभागों के खाली 30 लाख पदों पर नौकरी दी जाएगी। अग्निवीर योजना खत्म कर युवाओं को सेना की पक्की नौकरी दी जायेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से सावधान रहना है। इस सरकार ने हवाई अड्डे बेच दिए। बंदरगाह बेच दिए। रेलवे स्टेशन बेच दिए। इलाहाबाद बैंक खत्म कर दिया। सरकारी नौकरी आउटसोर्स कर दिया। अपने चहेतों को लेटरल एंट्री से सीधे आईएएस बना दिया। अचानक नोटबंदी कर दी। अग्निवीर योजना लागू कर दी। भाजपा सरकार के फैसलो ने देश की अर्थव्यवस्था डुबो दी। महंगाई बढ़ा दी।
यादव ने कहा कि भाजपा किसी की नहीं है। यह संविधान के पीछे पड़े हैं। जनता की जान के भी पीछे पड़े हैं। वैक्सीन की कम्पनी से चंदा वसूल कर सबको वैक्सीन लगवा दी। वैक्सीन को लेकर गंभीर रिपोर्ट आयी है। लोगों में बीमारियां बढ़ गयी है। अब वैक्सीन कम्पनी अपनी वैक्सीन मार्केट से वापस ले रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने इलेक्टोरल बांड में भारी भ्रष्टाचार किया। जबसे चुनावी चंदे का खुलासा हुआ है। भाजपा का बैंड बज गया है। पूरा देश समझ गया है कि भाजपा के लोग कितने बड़े भ्रष्टाचारी है। भाजपा के लोगों ने देश भर से पैसा वसूला। उसकी वजह से महंगाई बहुत बढ़ गयी।
अखिलेश यादव ने कहा कि इधर पता चला है कि भाजपा सरकार ने दस साल में उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ रूपया माफ कर दिया। उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ रूपया माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। यह सरकार गरीबों किसानों की नहीं है। यह उद्योगपतियों और बड़े कारोबारियों के लिए काम करती है। इंडिया गठबंधन गरीबों, किसानों, माताओं, बहनों के हित में फैसले लेगी। गरीब महिलाओं के खाते में एक लाख रूपया भेजेंगे। राशन दोगुना कर देंगे। पौष्टिक आटा के साथ मोबाइल डाटा देंगे। इंडिया गठबंधन चार जून के बाद देश में खुशियों के दिन लायेगी।
भाजपा सरकार ने एक-एक करके अपने भ्रष्टाचारी उद्योगपति मित्रों को खटाखट खटाखट विदेश भेज दिया। भाजपा के नेता कहते थे न खायेंगे और न खाने देंगे। लेकिन चुनाव चंदे के नाम पर देश भर से इतना खा लिया है कि अब डकार तक नहीं ले रहें है। जनता ने भी इन्हें फटाफट, फटाफट हटाने का मन बना लिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सभी लोगों को अपने वोट के साथ बूथ की रक्षा भी करना है। हर हालत में बूथ पर पहुंच कर वोट डालना है। यह चुनाव लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने का चुनाव है। भाजपा हटेगी तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा।

Loading...

Check Also

ऑलमाइटी शिवा एसोसियेशन के निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन हुआ

 अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ । राजधानी लखनऊ में टिकैत राय तालाब पर स्थित सुप्पा रौस ...