Breaking News

भारत बंद: कहीं किया रोड जाम तो कहीं उग्र प्रदर्शन, जानिए कैसा रहा बंद का असर

अशाेक यादव, लखनऊ। कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों के एक दिवसीय भारत बंद के मिला जुला असर देखने को मिला। कई राज्यों में बंद का असर न के बराबर देखने को मिला। तो कई जगहों पर बंद का समर्थन कर रहीं राजनीतिक पार्टियों ने उग्र प्रदर्शन किया। बंद के दौरान टायर जलाने, ट्रेनें रोकने, जबरन दुकानें बंद करवाने समेत चक्का जाम करने की कई घटनाएं सामने आईं।

केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद के दौरान किसानों ने पंजाब और हरियाणा में अनेक जगहों पर राजमार्गों तथा कई मुख्य रास्तों को अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया। पंजाब में अनेक स्थानों पर दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

हरियाणा में भी व्यापारियों ने बड़ी संख्या में प्रतिष्ठान बंद रख किसानों का समर्थन किया। पंजाब में सार्वजनिक और निजी परिवहन सेवाएं बंद रहीं, वहीं पड़ोसी हरियाणा में अंतरराज्यीय और स्थानीय बस सेवाएं प्रभावित रहीं।

बिहार को बंद करने और चक्का जाम करने के लिए वामदल, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ता मंगलवार सुबह ही सड़कों पर उतर आए। बंद को सफल बनाने के लिए भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) कार्यकर्ता सुबह-सुबह सड़क पर उतर आए। बाद में अन्य विपक्षी दलों के नेता एवं कार्यकर्ता इस प्रदर्शन से जुड़े। राज्य में जगह-जगह सड़कों पर जाम लगाया, ट्रेनें रोकी गईं तो कई जगह उग्र प्रदर्शन भी हुए। 

तमिलनाडु में द्रमुक और कांग्रेस समेत उसके सहयोगी दलों ने मंगलवार को भारत बंद में हिस्सा लिया। पुडुचेरी में भी द्रमुक, कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। किसान संगठन केंद्र के तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। कांग्रेस के शासन वाले केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में बंद का असर दिखा। बसें, टैक्सियां और ऑटो सड़कों पर नहीं दिखे। 

राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारत बंद के दौरान कृषि कानूनों का विरोध जताने आये भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) कार्यकर्ताओं की भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हो गई। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में एनएसयूआई के कार्यकर्ता कृषि कानूनों का विरोध एवं भारत बंद के समर्थन में भाजपा के प्रदेश कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे और नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे।

इस दौरान वहां पहले से मौजूद भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ उनका टकराव हो गया। एनएसयूआई एवं भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में झड़प होने पर पुलिस ने बीच बचाव किया और दोनों के कार्यकर्ताओं को अलग किया। बाद में पुलिस ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को मौके से खदेड़ दिया।

किसान संगठनों द्वारा केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए देशव्यापी बंद के दौरान कांग्रेस और वामपंथी दलों के समर्थकों द्वारा सड़कों और रेल पटरियों को अवरुद्ध किए जाने से ओडिशा में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। ‘भारत बंद’ के समर्थकों ने राजमार्गों और बड़ी सड़कों पर जाम लगाया और प्रदर्शन किया। किसान संगठनों, ट्रेड यूनियन और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर, कटक, भद्रक और बालासोर में रेल पटरियों पर धरना दिया जिससे ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

जम्मू में मंगलवार को नए किसान कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान लोग सड़कों पर उतर आए और भारत बंद के दौरान व्यावसायिक वाहन सड़कों से नदारद रहे। डिगियाना क्षेत्र के पास सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को ‘कीर्तन’ और धर्मोपदेशों के साथ मार्गों को अवरुद्ध किया। प्रदर्शनकारी किसान विरोधी कानून को रद्द करने की मांग करते हुए सरकार खिलाफ तख्तियां, बोर्ड और बैनरों को भी पकड़े हुए दिखाई दिए। 

श में किसानों के समर्थन में बुलाये गए भारत बंद का हिमाचल प्रदेश में मिला जुला असर रहा। इस दौरान होटल, रेस्तरां, परिवहन, बैंकिंग और बीमा क्षेत्र और आपातकालीन और एम्बुलेंस सेवाओं के इलावा अधिकांश दुकानें खुली रहीं। वहीं वाहनों के आवागमन की आवाजाही जारी रही। भारत बंद के आहवान पर आज कई सेक्टर प्रभावित हुए क्योंकि कोई अंतर्राज्यीय और अंतरराज्यीय वाहन नहीं चलाए गए।

केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद का गुजरात में विपक्षी कांग्रेस ने समर्थन किया है। बंद के समर्थन में प्रदर्शनकारियों ने कुछ जगहों पर राजमार्ग बाधित करने का प्रयास किया और मार्ग पर जलते हुए टायर रख दिए। हालांकि दोपहर तक राज्य में बंद का अधिक असर नहीं दिखा।

Loading...

Check Also

रजनीश सिंह यादव ने पदयात्रा कर, रविदास मल्होत्रा को जिताने की अपील की

अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव रजनीश सिंह यादव ...