Breaking News

भागीदारी मोर्चा उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा का विकल्प बनकर उभरेगा: ओम प्रकाश राजभर

लखनऊ।

भागीदार संकल्प मोर्चा की प्रेस वार्ता

भागीदारी संकल्प मोर्चा ने शनिवार को हजरतगंज स्थित कसमण्डा हाउस में प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्टीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा, भारतीय वंचित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह चौहान, जनता क्रांति पार्टी के नेता केवट राम जरी बिंद सहित अन्य कई पार्टियों के नेता उपस्थित रहे।

जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी की मांग लेकर भागीदारी संकल्प मोर्चा ने शनिवार को हजरतगंज स्थित कसमण्डा हाउस में प्रेस वार्ता की।

ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि बहुत जल्द भागीदारी मोर्चा उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा का विकल्प बनकर उभरेगा। पिछड़ों को उनका हक दिलाने के लिए इस मोर्चा का गठन दिसंबर 2019 में किया गया था।

तब से लेकर अब तक हमने बलिया और गाजीपुर में रैलियों का आयोजन किया गया। जिनमें पिछड़ा और अति पिछड़ा समाज का भरपूर समर्थन मिला। आने वाले समय में हम यूपी के सभी 18 मण्डलों के सभी जनपदों में भागीदारी संकल्प मोर्चा रैलियां करेगा। 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भागीदारी संकल्प मोर्चा सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा।

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि शुक्रवार को सदन में बताया गया कि भाजपा को मिलने वाले कुल वोट में से 38 प्रतिशत वोट अति पिछड़ा समाज का है। यही 38 प्रतिशत अति पिछड़ा समाज किसी भी पार्टी की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राजभर ने दावा किया कि अब यह 38 प्रतिशत वोटर भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ संगठित हो रहा है। जिसका नमूना बलिया, कुशीनगर और बलिया में दिख चुका है।

ओम प्रकाश राजभर ने कहा, जब लड़नी होती है तो पिछड़ों को आगे कर दिया जाता है। भगवान राम को भी पिछड़ों और दलितों ने ही विजय दिलायी। राजभर ने कहा कि उस समय गरीब तबके के लोगों को ही वानर कहा जाता था। विजय मिलने के बाद भगवान राम ने भी वानर को जंगलों में भटकने के लिए छोड़ दिया।

आज तक भगवान राम ने किसी वानर को एक आवास तक नहीं दिया। राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर भी राजभर ने भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि कोर्ट से फैसला आने के बाद पीएम मोदी और अमित शाह ने टस्ट बना दिया। लेकिन उस ट्रस्ट में एक भी दलित या पिछड़े समाज के व्यक्ति को नहीं रखा।

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, आए दिन भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं और अधिकारी सस्पेंड हो रहे हैं। राजभर ने कहा, मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ पूरी तरह से फेल हो चुके हैं। यह केवल मंदिर ही चला सकते हैं। हमारी सलाह है कि वह पुजारी बनकर रहें तो अच्छा है।

राजभर ने कहा कि देश भर में महत्वपूर्ण पदों पर गुजरातियों को नियुक्त किया जा रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री के साथ आरबीआई चीफ, सीबीआई चीफ, ईडी चीफ और यूपी की राज्यपाल भी गुजराती हैं। देश में बड़े-बड़े ठेके और पट्टे भी गुजरातियों के कब्जे में हैं। राजभर ने कहा कि यूपी के लोग क्या करेंगे। गुजरात के लोगों को केवल क्या ठेका पट्टा देंगे?

कहा कि सन 1991 से 27 प्रतिशत आरक्षण पिछड़ों को लागू है। लेकिन अभी तक इसका 4.7 प्रतिशत कोटा पूरा नहीं हुआ। भाजपा अगर सबका साथ सबका विकास की बात कर रही तो पिछड़ों को उनकी हिस्सेदारी क्यों नहीं दे रही है? राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार निजीकरण कर रही है तो हम प्राइवेट सेक्टर में भी आरक्षण लागू करने की मांग करेंगे।

प्रमोशन में आरक्षण को लेकर राजभर ने कहा कि सरकार खुद नहीं चाहती है कि अति पिछड़ों को उनका हक मिले। हमारी मांग है कि केंद्र सरकार कानून बना कर आरक्षण को पुनः पूर्व की स्थिति में बहाल करे। राजभर ने यह भी कहा कि अब कोर्ट पर से विश्वास उठता जा रहा है।

राजभर ने कहा कि आए दिन खबर आ रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य में भिड़ंत हो रही है। राजभर ने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य ने समाज को गुमराह करके भाजपा को वोट दिलाया। वह कह रहे थे कि मुख्यमंत्री उन्हें बनाया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राजभर ने केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा के संबंध की तुलना व्यापारी और तीतर से कर डाली।

Loading...

Check Also

एएमसी सेंटर एवं कॉलेज को अपना पहला 108 फीट का स्मारक ध्वज मिला

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लेफ्टिनेंट जनरल कविता सहाय, एसएम, वीएसएम, कमांडेंट एएमसी सेंटर ...