Breaking News

उत्तर भारत में शीतलहर से बढ़ी कंपकंपी, दिल्ली में सता रही सर्दी, चंडीगढ़ में ठंड का टॉर्चर

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के बाद उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान लुढ़कर 3.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी शीत लहर मंगलवार को और तेज हो गई।

जबकि राजस्थान में तेज और ठंडी हवाओं के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उधर, हिमाचल प्रदेश में शीतलहर में जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई। कश्मीर में हल्की बर्फबारी से पर्यटकों में उत्साह देखा गया।  भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जगह जगह हिमपात हुआ।

दिल्ली भी मंगलवार को शीतलहर से ठिठुरती रही और यहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरी दिल्ली का औसत तापमान बताने वाली सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार रात न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है। विभाग के अनुसार, आया नगर और लोधी रोड मौसम केंद्रों ने न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.6 डिग्री सेल्सियस और 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

बिहार का मौसम शुष्क बना हुआ है। न्यूनतम तापमान चढ़ने से ठंड से थोड़ी राहत मिली है। प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान डेहरी में 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम यानी न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस गया का रहा।

पिछले दिनों की तुलना में राज्य के अधिकतर भाग में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। सूबे के पश्चिम और मध्य भाग में रात का पारा दो डिग्री चढ़ने से थोड़ी ठंड से राहत मिली है। पूर्वी बिहार में मौसम में किसी तरह का खास बदलाव नहीं है।

मंगलवार को पूरे सूबे में दिन के तापमान में भी एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पटना, पूर्णिया और गया में अधिकतम तापमान 23.2 जबकि भागलपुर में 23.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पटना, भागलपुर और पूर्णिया में सुबह में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा, लेकिन धूप निकलते ही मौसम साफ हो गया। 

Loading...

Check Also

पहले चरण की पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों के रुझान एवं कम प्रतिशत से सीएम योगी परेशान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, सहारनपुर : कल पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कुछ ...