Breaking News

लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार के खिलाफ वोट कर रही है : अखिलेश यादव

राहुल यादव, लखनऊ / आगरा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि दस साल की सरकार में भाजपा ने जनता के साथ सिर्फ भेदभाव किया है। उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ किया लेकिन किसानों की कोई मदद नहीं की। किसानों का कोई कर्ज माफ नहीं किया। भाजपा सरकार ने ऐसी नीति बनायी जिसमें पांच करोड़ रूपये से ज्यादा कर्ज लेने वाले उद्योगपतियों और व्यवसायियों के कर्ज माफ हो जाय।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में लाखों करोड़ रूपये के कर्ज माफ कर दिए लेकिन हजार और लाख रूपये लोन लेने वाले किसानों को प्रताड़ित किया जाता है। भाजपा सरकार ने तीन काले कानून लाकर किसानों की जमीन और फसल उद्योगपतियों के हाथों में सौपने की साजिश रची। किसानों ने आंदोलन किया। हजारो किसान शहीद हुए। यूपी विधानसभा चुनाव में हार सामने देख भाजपा सरकार ने तीनों काले कानून वापस लिए लेकिन किसानों को फसलों के लिए एमएसपी का अधिकार नहीं दिया। भाजपा ने किसानों को अपमानित किया।
रविवार को आगरा लोकसभा क्षेत्र के जलेसर में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सुरेश चन्द्र कर्दम के समर्थन में आयोजित विशाल चुनावी जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में किसान, नौजवान, आम जनता भाजपा के खिलाफ है। जनता भाजपा के विरोध में वोट कर रही है। केन्द्र में इंडिया गठबंधन की सरकार आ रही है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों का सभी कर्ज माफ होगा। किसानों के फसलों को एमएसपी की गारन्टी का कानून बनाया जायेगा।
यादव ने कहा कि पहले, दूसरे चरण के बाद तीसरे चरण में भी भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। पीडीए परिवार भाजपा की सरकार पलटने जा रहा है। देश में परिवर्तन होने जा रहा है। भाजपा से संविधान और लोकतंत्र को खतरा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बाबा साहब के संविधान को बदलना चाहती है। बीजेपी सरकार संविधान और जनता के जान के पीछे पड़ी है। पिछड़े, दलितों के आरक्षण को समाप्त करना चाहती है। भाजपा ने बहुत अन्याय, अत्याचार किया है। इस सरकार ने जनता की कभी नहीं सुनी। देश की 140 करोड़ जनता पर अपने मनमाने फैसले थोपे हैं। सरकारी संस्थानों का निजीकरण किया। नोटबंदी की। व्यापारियों पर जीएसटी थोपा। जनता में भाजपा सरकार को लेकर बहुत नाराजगी है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार ने हर चीज की महंगाई बढ़ा दी है। डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, रिफाइण्ड तेल, दाल, नमक, सब चीज के दाम बढ़ा दिए। इतनी महंगाई पहले कभी नहीं थी भाजपा ने जनता से वादे किए लेकिन महंगाई कम नहीं की। किसानों के साथ नौजवानों से झूठे वादे किये। हर साल 2 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था लेकिन भाजपा सरकार के फैसलों से युवाओं की नौकरियां छिन गयी। बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार हुए है। आज गांव-गांव में बड़ी संख्या में पढ़े लिखे युवा बेरोजगार हैं।
यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार सरकारी विभागों के रिक्त पदों को भरेगी। नौजवानों को तीस लाख नौकरियां देगी। भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। नौजवानों ने पढ़ाई में मेहनत की, पैसा खर्च किया, पेपर दिया लेकिन पेपर लीक हो गये। भाजपा ने नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया। सरकार ने जानबूझकर पेपर लीक कराये। सरकार नौकरी, आरक्षण नहीं देना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने भारी भ्रष्टाचार किया है। चुनावी चंदा के नाम पर हजारों करोड़ रूपये की वसूली की। ऐसी वसूली देश में कभी नहीं हुई थी। सरकार ने सरकारी एजेंसियों का दुरूपयोग किया। जांच के नाम पर डराकर उद्योपगतियों, व्यवसायियों से वसूली की। भाजपा की वसूली से महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा। वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से चंदा वसूली कर देश की जनता को वैक्सीन लगवा दिया। अब वैक्सीन को लेकर जो रिपोर्ट आ रही है उससे हार्ट से लेकर तमाम तरह की बीमारियां होने का खतरा बढ़ गया है।
यादव ने आगरा से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सुरेश चन्द्र कर्दम को ऐतिहासिक वोटों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि इस बार आगरा इतिहास बनाएगा। जनसभा को पार्टी के राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन, प्रत्याशी सुरेश चन्द्र कर्दम समेत अन्य नेताओं ने सम्बोधित किया।

Loading...

Check Also

अनंत वैभव के शानदार खेल से रेलवे ऑफिसर्स ने लगाया जीत का चौका

सूर्योदय भारत समाचार सेवा : यहां करनैल सिंह रेलवे स्टेडियम में खेली जा रही लीग ...