Breaking News

लोगों की सुविधा के लिए कर रहे हैं सभी जरूरी प्रयास: योगी आदित्यनाथ

राहुल यादव, लखनऊ। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड प्रबंधन के संबंध में व्यापारिक संगठनों के साथ संवाद किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यापारी बंधुओं! देश-दुनिया की वर्तमान परिस्थितियों से आप सभी भलीभांति परिचित हैं। यह कोई सामान्य बीमारी नहीं है, कोरोना एक महामारी है। बचाव ही इसका सबसे सरल उपाय है। 


 यह बताते हुए थोड़ा संतोष हो रहा है कि हर दिन के साथ प्रदेश की स्थिति में सुधार होता दिख रहा है। बीते 24 अप्रैल को सर्वाधिक 38 हजार केस आये थे, जिनमे गिरावट हो रही है और आज 30,900 केस आये हैं। यह तब है जबकि बीते 01 मई को हमने 2.97 लाख कोविड सैम्पल टेस्ट किये। प्रदेश की रिकवरी दर भी बेहतर हो रही है। हमारा प्रयास जारी है, आपका सहयोग बना रहे। 
 आपको पता है कि कोविड की पहली लहर जब पीक पर थी, तब 68000 केस आये थे। यह घटते-घटते 85 तक आ गए थे।02 मार्च 2020 को जब कोरोना का पहला केस आगरा में आया था, तब एनआईवी पुणे में टेस्ट कराना पड़ा। आज 2 लाख 97 हजार टेस्ट एक दिन में कर रहे हैं। अब तक 04.17 करोड़ से अधिक टेस्ट हम कर चुके हैं। जब पहला मरीज आया था तो सफदरजंग भेजना पड़ा था आज उत्तर प्रदेश में एल-1 श्रेणी के 1,16,000 बेड हैं, एल-2 और एल-3 के 65 हजार बेड हैं, आईसीयू है वेंटिलेटर हैं।ऑक्सीजन की आपूर्ति हर दिन बढ़ रही है। पिछली  कोरोना लहर से सबक लेते हुए संसाधन बढ़ाये गए हैं।


 इस बार संक्रमण 30 से 50 गुना ज्यादा तेज है और संसाधनों की भी अपनी सीमा है। फिर भी सभी जरूरी प्रयास किये जा रहे हैं। हर जिले की सीधी निगरानी हो रही है।


 इस कोविड काल में आप व्यापारी बंधुओं को भी तमाम समस्याएं जरूर हो रही होंगी।वर्तमान परिस्थितियों जीवन और जीविका दोनों पर असर पड़ रहा है। कोरोना की चेन तोड़ने के उद्देश्य से साप्ताहिक बन्दी, रात्रिकालीन कोरोना कर्फ्यू जैसी व्यवस्था प्रभावी की गई है। इस अवधि में आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को जारी रखा जा रहा है।  आप लोग सहयोग बनाये रखें, अगर किसी के साथ उत्पीड़न अथवा अन्य कोई अप्रिय घटना होती है तो तत्काल स्थानीय प्रशासन को अवगत कराएं। फिर भी आप अगर संतुष्ट नहीं है तो मुख्यमंत्री कार्यालय को सूचित करें। त्वरित कार्यवाही की जाएगी।


 व्यापारी बंधुओं, मार्च 2017 के पहले के वातावरण से आप परिचित हैं। भष्टाचार, शोषण, उगाही, अपहरण उद्योग यहां फल-फूल रहा था। हमने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई और नतीजा सामने है। आज व्यापारियों का हित सरकार की प्राथमिकता में है। 
 हम रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म की नीति के अनुरूप काम कर रहे हैं। व्यापार करना सुगम हो-सरल हो, इसके लिए नीतिगत नियोजित प्रयास किये गए हैं।हमने व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया। ₹10 लाख के सुरक्षा बीमा कवर दिया। अब तक साढ़े 5 सौ व्यापारी भाई इसका लाभ ले चुके हैं। 


 प्रदेश में 16 लाख व्यापारी जीएसटी में पंजीकृत हैं। इसमें सतत वृद्धि हो रही है। 8.5 करोड़ तक के सालाना टर्नओवर वाले व्यापरियों के लिए कम्पाउंडिंग स्कीम लागू की गई, इससे 2 लाख 77 हजार से अधिक व्यापारी बन्धु लाभान्वित हुए। इसी प्रकार, व्याज/अर्थदंड माफी योजना से व्यापारी भाइयों के एक बड़े वर्ग को बड़ा संबल प्राप्त हुआ। ऐसी अनेक सुविधाएं पंजीकृत व्यापारियों को सतत प्राप्त हो रही हैं। सभी व्यापारी भाइयों को पंजीयन जरूर कराना चाहिए।

 हम सबसे ज्यादा टेस्ट कर रहे हैं तो आज बताते हुए खुशी हो रही है कि आज हमारे यहां 18-44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण भी शुरू हो गया है। अभी 18+ का टीकाकरण उन जिलों में हो रहा है, जहां ज्यादा इंफेक्शन है। हमारा सॉफ्टवेयर भी टेस्टिंग मोड में है। 45 से अधिक आयु के लोगों का टीका भारत सरकार दे रही है। सभी को मुफ्त टीका लग रहा है। टीकाकरण कोविड से बचाव का सुरक्षा कवच है। आप सभी लोग अपना और अपने परिजनों का टीकाकरण जरूर कराएं।


 कोविड संक्रमण से हमें गांवों को बचाना होगा। गांवों के प्रति विशेष सतर्कता की जरूरत है। ऐसे में प्रदेश के सभी राजस्व गांवों में कोविड टेस्टिंग का वृहद अभियान शुरू करने जा रहे हैं। जो लोग अस्वस्थ होंगे, पॉजिटिव पाए जाएंगे, उन्हें मेडिकल प्रोटोकॉल का मुताबिक उपचार दिया जाएगा। आवश्यकतानुसार अस्पताल में एडमिट कराया जाए,  क्वारन्टीन किया जाएगा। होम आइसोलेशन में रखा जाए। उन्हें मेडिकल किट उपलब्ध कराया जाएगा। पंचायत चुनाव की मतगणना के संपन्न होने के बाद यह स्पेशल ड्राइव शुरू हो जाएगा।


 अस्पतालों में प्रशिक्षित मानव संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। हम एक्स सर्विस मैन, सेवानिवृत्त चिकित्सक, आर्मी के रिटायर्ड लोग, अनुभवी पैरामेडिकल स्टाफ, मेडिकल/पैरामेडिकल के अन्तिम वर्ष के छात्र/छात्राओं को मानवता की सेवा के इस कार्य मे सहयोग ले रहे हैं। 


भाइयों,  महामारी है तो थोड़ी दिक्कत तो जरूर होगी। फिर भी हम आप लोगों की सुविधा के लिए सभी जरूरी प्रयास कर रहे हैं। आप लोग सहयोग बनाये रखें। सरकार-प्रशासन के निर्देशों-अपील का पालन करें।


 ऑक्सीजन की आपूर्ति को और बेहतर करने के लिए हम सभी जरूरी प्रयास कर रहे हैं। इस बीच प्रदेश में एथेनॉल उत्पादन करने वाली 61 डिस्टिलरीज को भी ऑक्सीजन जेनेरेशन के कार्य से जोड़ने का प्रयास हो रहा है। थोड़े से तकनीकी सहयोग से ऐसा संभव है।


 व्यापारी बंधुओं ने सभी सम-विषम परिस्थितियों में हमारा सहयोग किया है। कोरोना की पिछली लहर के समय लोगों को भोजन कराना हो अथवा अन्य किसी प्रकार की सहायता, व्यापारिक जगत पूरे उत्साह और समर्पण भाव के साथ हर समय खड़ा रहा। इस महामारी काल में भी आपसे सहयोग की अपेक्षा है। 


 बंधुओं, लापरवाही बिल्कुल न करें। थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। औद्योगिक इकाइयों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया जा रहा है। आप भी अपने प्रतिष्ठानों में दो गज दूरी मास्क, सैनिटाइजर ग्लव्स आदि कोविड विहैवियर को अमल में जरूर लाएं।

Loading...

Check Also

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं भारतीय सेना द्वारा आपदा प्रबंधन संगोष्ठी एवं टेबल टॉप अभ्यास का आयोजन

मध्य कमान, लखनऊ सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने ...