Breaking News

मनोज तिवारी से मुलाकात के बाद कुमार पर विश्वास कर सकती है भाजपा…

दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ आप के बागी नेता कुमार विश्वास की मुलाकात के बाद जहां राजनीतिक गलियारों में सियासी चर्चाओं का दौर है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मानते हैं कि कुमार विश्वास के लिए लोकसभा के चुनावी रण में भाजपा की ओर से उतरना आसान हो सकता है। इसके पीछे तीन कारण जो खुद वरिष्ठ नेता दे रहे हैं,
कुमार विश्वास की सियासी राह आसान होने के पीछे वरिष्ठ नेताओं के तर्क हैं कि दिल्ली की सात में पांच लोकसभा सीट पर उम्मीदवार का चुनाव लगभग तय है। फिर चाहे वह दक्षिणी दिल्ली हो या नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली को लेकर पार्टी काफी समय से विचार में है। कहा ये भी जा रहा है कि पूर्वी दिल्ली के शाहदरा, सीलमपुर, वेलकम जैसे इलाकों पर पार्टी का फोकस ज्यादा है। लेकिन इस लोकसभा सीट के इतिहास पार्टी को बार बार विचार करने पर मजबूर भी करता है।

ऐसे में कुमार विश्वास अगर भाजपा में शामिल होते हैं तो उनके लिए राह आसान हो सकती है। उधर कहा ये भी जा रहा है कि कुमार विश्वास के नाम को लेकर पार्टी की हाईकमान का भी अब तक सकारात्मक रुख देखने को मिल रहा है। इन्हीं संभावनाओं को जोड़कर सियासी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। भाजपा दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर जातीय समीकरण बैठाने में भी जुटी है। चूंकि पूर्वी दिल्ली एकमात्र ऐसी सीट रही है, जहां हमेशा से ब्राह्मण फैक्टर हावी रहा है। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि कुमार विश्वास पूर्वी दिल्ली की जनता का भरोसा जीत सकते हैं।

हालांकि कहा ये भी जा रहा है कि मनोज तिवारी ने कुमार विश्वास को उम्मीदवार बनाने का फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर छोड़ दिया है, लेकिन साथ में भाजपा ये भी मान रही है कि कुमार विश्वास के रूप में ये मास्टर कार्ड कांग्रेस और आप पर भी भारी पड़ सकता है। सूत्रों का यहां तक कहना है कि दोनों ही विपक्षी दलों के बीच पूर्वी दिल्ली सीट को लेकर घमासान मचा है। ऐसे में भाजपा की ओर से कुमार विश्वास की दावेदारी चुनावी रण में विरोधियों पर भारी पड़ सकती है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि सोमवार देर रात सांसद मनोज तिवारी, कुमार विश्वास और एक अन्य वरिष्ठ नेता ने एक साथ डिनर पर चर्चा की थी। इस दौरान उनके साथ एक कार और थी, जिसमें अन्य नेता थे, लेकिन वे चर्चा में शामिल नहीं थे। बताया जा रहा है कि डिनर मीटिंग के बारे में पहले से ही योजना बनी थी। काफी देर तक चली इस मुलाकात की खबर मंगलवार सुबह तक कार्यकर्ताओं में तेजी से फैल गई।

Loading...

Check Also

पूर्वोत्तर रेलवे के उप मुख्य परिचालन प्रबंधक सुमित कुमार ने क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान का निरिक्षण किया

पूर्वोत्तर रेलवे का क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी / गाज़ीपुर ...