Breaking News

भाजपा राज में जनता को सिवाय तबाही और परेशानी के कुछ हासिल होने वाला नहीं : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में जनता को सिवाय तबाही और परेशानी के कुछ हासिल होने वाला नहीं है। प्रदेश में लगातार हो रही बरसात से जनजीवन अस्तव्यस्त और त्रस्त है। नदियां उफान पर हैं। खेत, गांव, मकान सब जलमग्न हैं। अब तक एक सैकड़ा मौतें हो चुकी हैं। सरकारी संवेदनहीनता के कारण कई जिलों में बाढ़ में फंसे लोगों तक न तो राहत पहुंच रही है और नहीं बचाव कार्य हो रहे हैं। आदमी ही नहीं पशुओं की जान भी खतरे में है। ऐसा तो नहीं है कि प्रदेश में पहली बार बरसात हुई है। शासन-प्रशासन को सतर्कता बरतते हुए पहले ही आपदा प्रबंधन की तैयारी कर लेनी चाहिए थी, लेकिन भाजपा सरकार को तो जनसमस्याओं का ध्यान ही नहीं रहता है, उसको तो बस समाज को बांटने, नफरत फैलाने और किसी भी तरह वोट बटोरने की ही चिंता रहती है।  राजधानी लखनऊ में जलभराव की समस्या सरकारी अदूरदर्शिता की देन है। पुराने लखनऊ में नारकीय स्थिति है। विधानभवन तक पानी का पहुंच जाना प्रशासनिक अक्षमता का घोतक है। बारिश में बदहाली का आलम यह है कि लखीमपुर खीरी में पेड़ गिरने से मंत्री जी तक रास्ते में फंस चुके हैं। रायबरेली में जलभराव से एनटीपीसी के प्लांट की एक यूनिट बंद हो गई जिससे विद्युत संकट हो गया। कई जिलों में नदियों के प्रचंड वेग के चलते सड़क, बांध, तटबंध कट गए है। गांव के गांव जलमग्न हो गए है। जो जहां है वहीं फंस गया है। जानवरों को चारा नहीं मिल रहा है। बीमारों को इलाज नहीं मिल रहा है। सैकड़ों घर गिर गए हैं।

मलबे में दबकर कितनी ही जानें चली गई है। दर्जनों लोग घायल हैं।भाजपा सरकार अपने काहिलीपन से समय रहते बाढ़ की आपदा से बचाव की कोई कार्ययोजना पहले नहीं बना सकी। राहत कार्यों में विलम्ब अक्षम्य है। मृतक आश्रितों तथा घायलों को मुआवजा नहीं बंट रहा है। मुख्यमंत्री जी ने औपचारिकता निभाते हुए बाढ़ का हवाई सर्वेक्षण कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली है। वैसे उनका अब तक खास जोर उद्घाटन, भाषण और आश्वासन की हवाई खेती करने पर ही रहा है। प्रदेश की जनता के साथ ऐसी संवेदनाशून्य, जनविमुख और सिर्फ सत्ता उन्मुख राजनीति भाजपा के तथाकथित सन्यासी ही कर सकते है। जनता का सब्र जवाब देता जा रहा है। बस उसे समय का इंतजार है। भाजपा को जनता की नाराजगी की भारी कीमत चुकाने के लिए तैयार रहना चाहिए।

Loading...

Check Also

उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (महिला विंग) ने किया एक दिवसीय हेल्थ चेक अप कैम्प का आयोजन

अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन लखनऊ मण्डल की मण्डल महिला विंग द्वारा ...