Breaking News

दिल्ली चुनाव- विधानसभा चुनाव के एक दिन पहले अरविन्द केजरीवाल को चुनाव आयोग का नोटिस

नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से एक दिन पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी किया। आयोग ने उनके ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किए गए वीडियो को आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन माना। आयोग ने केजरीवाल से कल शाम 5 बजे तक जवाब दाखिल करने को कहा है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 2 फरवरी को विरोधी दलों पर निशाना साधने के लिए एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में हिंदू-मुसलमान और मंदिर-मस्जिद जैसे शब्दों का बार-बार इस्तेमाल किया गया। चुनाव आयोग ने माना है कि इससे सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ सकता है, इसलिए इसे आचार संहिता के उल्लंघन के तौर पर देखा जा सकता है

गुरुवार को आयोग ने योगी को भी  नोटिस दिया

दिल्ली में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गुरुवार को चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी नोटिस जारी किया था। आदित्यनाथ ने दिल्ली के करावल नगर में सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि केजरीवाल शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों को बिरयानी खिला रहे हैं। आदित्यनाथ को शुक्रवार शाम 5 बजे तक नोटिस का जवाब देने को कहा गया था।

कपिल मिश्रा और संजय सिंह को भी नोटिस

24 जनवरी को प्रचार के दौरान मिनी पाकिस्तान और पाकिस्तान का जिक्र करने वाले भाजपा प्रत्याशी कपिल मिश्रा को रिटर्निंग ऑफिसर ने नोटिस भेजा था। कपिल ने दो ट्वीट किए थे। इसमें एक में मिनी पाकिस्तान और दूसरे में पाकिस्तान शब्द का इस्तेमाल चुनावी संदर्भ में किया था। वहीं 6 फरवरी को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को भी आयोग ने आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस दिया था।

दिल्ली में 8 फरवरी को वोटिंग, 11 को नतीजे

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को वोटिंग होगी, जबकि 11 को नतीजे आएंगे। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। चुनाव आयोग ने 14 जनवरी को इसका नोटिफिकेशन जारी किया था। नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 21 जनवरी, जबकि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 24 जनवरी रखी गई थी। दिल्ली के 1 करोड़ 46 लाख वोटर्स के लिए 2689 जगहों पर कुल 13757 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

Loading...

Check Also

भारी कलह के चलते रायबरेली में बिखरी भाजपा, राहुल बनायेंगे जीत का इतिहास !

मनोज श्रीवास्तव, लखनऊ : रायबरेली लोकसभा सीट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराना शायद ...