Breaking News

डबल इंजन की सरकार से जनता बहुत निराश : अखिलेश यादव

अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार पूरी तरह विफल रही है। जनता उससे बहुत निराश है। महंगाई चरम पर हैं सरकार के पास कोई ठोस योजना महंगाई रोकने की नहीं है। महंगाई तब रूकेगी जब किसान खुशहाल होगा। नौकरी रोजगार भी नहीं है। भाजपा रहेगी तो समस्या बढ़ेगी। भाजपा सरकार अनाज देकर लोगों को गुलाम बनाने का षडयंत्र कर रही है। सड़कों पर सांड़ों का आतंक है। भाजपा सरकार की सत्ता सन् 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद नहीं रहेगी। अखिलेश यादव ने लोक जागरण अभियान के अन्तर्गत समाजवादी प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि फिरोजाबाद में पार्टी नेताओं ने जो तमाम बातें बताई है इन बातों को पूरी ईमानदारी से अपने दिल और दिमाग में रखेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए जमीन पर जनता के बीच बूथ स्तर तक इन बातों को पहुंचाने का काम करेंगे। हाल में लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बांदा, फतेहपुर के बाद फिरोजाबाद में प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुए। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद शिविर में वे लोग दिख रहे हैं जिन्होंने रामजी लाल सुमन को लोकसभा में भिजवाया है। मेरे साथ साइकिल चलाई है, नामीनेशन कराया और जिताया भी है। वे भी है, जिन्होंने अक्षय को जिताया है। उन्होंने कहा कि भीड़ में लाल टोपी अनार के दानों जैसी दिख रही है। यादव ने सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एक भी जिला अस्पताल पिछले 7 वर्षों में नहीं बना है। जो मेडिकल कॉलेज हैं उनमें दवा, डॉक्टर नहीं है। शाहजहांपुर और फिरोजाबाद में समाजवादी सरकार में दो अस्पताल बने। फिरोजाबाद के अस्पताल में वही सुविधाएं है जो हमने दी थी। आज उसकी हालत खराब है। गरीब को इलाज नहीं मिल रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप्प है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। किसान-व्यापारी परेशान है। अपराध चरम पर है। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश बदहाल होता जा रहा है। संविधान और लोकतंत्र पर चोट की जा रही है। यादव ने प्रारम्भ में नेताजी को याद करते हुए कहा कि आज हमारी जो भी पहचान है, नेताजी की वजह से है। गांव के गरीबों के लिए वे भगवान थे। उन्होंने अपने संघर्ष से भाजपा को रोककर रखा था। यह उनकी ताकत थी कि उन्होंने भाजपा से कड़ा मुकाबला किया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव ने कहा कि इंकलाब का अर्थ है परिवर्तन। भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों ने यह नारा लगाया था। आज परिवर्तन का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सत्ता में बैठे लोगों को सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में बेदखल करने के लिए ये इंकलाब है। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने कितना झूठ बोला है। याद है कहा था ‘अच्छे दिन आएंगे‘, क्या अच्छे दिन आए? कहा था 15-15 लाख रुपये प्रत्येक के खाते में डालेंगे, क्या किसी के खाते में 15 रुपये डाले गए? कहा था दो करोड़ लोगों को प्रत्येक साल नौकरी देंगे, कितने लोगों को नौकरी मिली? भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए 2024 के लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को जिताना है। पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कवि श्री उदय प्रताप सिंह ने नेताजी से सम्बन्धित संस्मरण सुनाए और उनके संघर्ष से कार्यकर्ताओं को सीख लेने का सबक दिया। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाषण से पहले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नेताजी मुलायम सिंह यादव को नमन किया। प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करने वालों में रामजी लाल सुमन, स्वामी प्रसाद मौर्य, विधायक राम अचल राजभर, जयशंकर पाण्डेय, राजीव निगम, श्रीमती जूही सिंह, राजकुमार भाटी, मौलाना इकबाल कादरी आदि प्रमुख नेताओं सहित अन्य नेता भी शामिल रहे।

Loading...

Check Also

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं भारतीय सेना द्वारा आपदा प्रबंधन संगोष्ठी एवं टेबल टॉप अभ्यास का आयोजन

मध्य कमान, लखनऊ सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने ...