Breaking News

झाझड़िया, सरदार को खेल रत्न, पुजारा, हरमन को अर्जुन पुरस्कार

रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक एथलीट देवेंद्र झाझड़िया और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह को इस वर्ष देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न तथा क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर सहित 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।


न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) सी के ठक्कर की अध्यक्षता वाली खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार समिति की खेल रत्न के लिए झाझड़िया पहली पसंद थे। समिति ने 31 वर्षीय सरदार को भी खेल रत्न के लिए नामित किया और दोनों को ही यह पुरस्कार संयुक्त रूप से देने की सिफारिश की। ये सिफारिशें खेल मंत्रालय को भेजी गयी हैं। मंत्रालय ही पुरस्कारों को लेकर अंतिम फैसला करेगा। राष्ट्रपति 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार प्रदान करते हैं।
36 वर्षीय झाझड़िया खेल रत्न पाने वाले पहले पैरा एथलीट खिलाड़ी होंगे। उन्होंने गत वर्ष रियो पैरालंपिक में भाला फेंक एफ-46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। वह इससे पहले 2004 के एथेंस पैरालंपिक में भी भाला फेंक में स्वर्ण जीत चुके हैं। दुनिया के बेहतरीन मिडफील्डरों में शुमार सरदार सिंह की अगुवाई में भारत ने 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों में 16 वर्ष के अंतराल के बाद जाकर हॉकी में स्वर्ण पदक हासिल किया था और रियो ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया था।
रियो पैरालंपिक में रजत पदक हासिल करने वाली महिला शॉट पुटर दीपा मलिक को 2012 में ही अर्जुन पुरस्कार मिल चुका था। इस तरह रियो पैरालंपिक के 4 पदक विजेताओं में से 3 को इस बार पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

सरदार के नाम पर बहस
बैठक में सरदार के नाम को लेकर बहस भी हुई, क्योंकि उनपर भारतीय मूल की ब्रिटिश महिला हॉकी खिलाड़ी ने यौन शोषण के आरोप लगाये थे। लेकिन समिति ने सरदार की हॉकी उपलब्धियों को तरजीह दी। यह देखना दिलचस्प होगा कि खेल मंत्रालय खेल रत्न के लिए दोनों पर मुहर लगाता है या फिर एक को चुनता है। इसका फैसला अगले कुछ दिनों में हो जाएगा।
 

2 खिलाड़ियों को नियमों से आगे निकल की गयी खेल रत्न की सिफारिश
वैसे सरकार का नियम है कि केवल ओलंपिक वर्ष में ही एक से अधिक खिलाड़ियों को खेल रत्न से सम्मानित किया जाए और अन्य वर्षों में एक-एक खिलाड़ी को खेल रत्न दिया जाए। लेकिन समिति ने इस परंपरा से हटते हुए इस साल 2 खिलाड़ियों को खेल रत्न देने की सिफारिश की है। हॉकी इंडिया ने पिछले वर्ष सरदार के नाम की सिफारिश खेल रत्न के लिए की थी, लेकिन उनका आवेदन देर से पहुंचा था। लेकिन इस बार खेल मंत्रालय को ये एंट्री समय से भेजी गयी है। सरदार 2015 में पद्मश्री हासिल कर चुके हैं। उनके नाम एशियाई खेलों में स्वर्ण और कांस्य पदक और दो राष्ट्रमंडल खेल रजत पदक दर्ज हैं। इसके अलावा वह एफआईएच की ऑल स्टार टीम में 2 बार जगह बना चुके हैं।

पुरस्कार के लिए नामित खिलाड़ियों की सूची
अर्जुन अवार्ड : वी जे सुरेखा (तीरंदाजी), खुशबीर कौर (एथलेटिक्स), आरोकिन राजीव (एथलेटिक्स), प्रशांती सिंह (बास्केटबाल), एल देवेंद्रो सिंह (मुक्केबाजी), चेतेश्वर पुजारा (क्रिकेट), हरमनप्रीत कौर (क्रिकेट), ओइनाम बेमबेम (फुटबाल), एसएसपी चौरसिया (गोल्फ), एस वी सुनील (हॉकी), जसवीर सिंह (कबड्डी), पीएन प्रकाश (निशानेबाजी), ए अमलराज (टेबल टेनिस), साकेत माइनेनी (टेनिस), सत्यव्रत कादियाना (कुश्ती), एम थंगावेलू (पैरा एथलीट) और वरुण भाटी (पैरा एथलीट)।

Loading...

Check Also

मीडिया ओलंपिक सीजन – टू में जमकर दिखा पत्रकारों एवं उनके बच्चों का जोश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रेमशंकर मिश्रा व आशुतोष यादव ने मीडिया ओलंपिक-2023 सीजन ...