Breaking News

जानिए इन प्रमुख मंदिरों के बारे में जहां बड़ी संख्या में भक्त मां के दर्शन करने आते हैं, लोगों का जुड़ा है अटूट विश्वास

29 सितंबर 2019 से नवरात्र के शुभ दिनों की शुरूआत हो रही है। इस मौके पर पूरे देश में माता के मंदिरों में भक्तों की बहुत भीड़ उमड़ती है। लोग मां के दर्शन करने के लिए देश के कई मंदिरों में जाते हैं। ऐसा माना जाता है कि नवरात्र के दौरान मां की पूजा करने पर सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और मां भक्तों के दुखों का निवारण करती हैं। ऐसे में हम आपको उत्तर प्रदेश के कुछ प्रमुख मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां बड़ी संख्या में भक्त मां के दर्शन करने आते हैं और माता का आशीर्वाद लेकर खुशी-खुशी जाते हैं। इन मंदिरों की काफी मान्यताएं हैं।
मां ललिता देवी मंदिर 
सीतापुर के मिश्रिख के पास नैमिषधाम में मौजूद है मां ललिता देवी का भव्य मंदिर। यहां भक्तों की हर मांग पूरी होती है। नैमिष में बना चक्रतीर्थ और दधीच कुण्ड भी आकर्षण का केंद्र है। यहां मां के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। शैलपुत्री मंदिर
काशी नगरी वाराणसी के अलईपुर क्षेत्र में मां शैलपुत्री का मंदिर है। इस मंदिर को लेकर ऐसी मान्यता है कि नवरात्र के पहले दिन मां के दर्शन करने से सारी मनोकामना पूरी होती है। ऐसा कहा जाता है कि नवरात्र के दौरान मां के दर्शन करने से वैवाहिक कष्ट दूर हो जाते हैं। इस मंदिर में दर्शन करने के लिए भक्त एक दिन पहले से ही लाइन में लग जाते हैं। ताकि मां के दर्शन हो सकें।
तरकुलहा मंदिर
गोरखपुर स्थित तरकुलहा मंदिर का इतिहास भारत के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा हुआ है। ऐसा कहा जाता है कि भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम में बंधू सिंह नाम के क्रांतिकारी ने अंग्रेजों के नाक में दम कर दिया था। बंधू सिंह गुरिल्ला लड़ाई में माहिर थे। इसलिए जब भी कोई अंग्रेज मंदिर के पास से गुजरता तो बंधू सिंह उसका सिर काटकर देवी मां के चरणों में समर्पित कर देते थे। यह देश का इकलौता मंदिर है, जहां प्रसाद के रूप में मटन दिया जाता है।
देवी पाटन मंदिर
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के तुलसीपुर में स्थित है देवी पाटन मंदिर। यहां नवरात्र के मौके पर एक महीने तक मेले का आयोजन किया जाता है। ऐसा कहा जाता है कि पटेश्वरी माता अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी करती हैं। मां के दर्शन के लिए यहां भीड़ लगती है। नवरात्र के मौके पर लाखों की संख्या में भक्त आते हैं।

Loading...

Check Also

सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न ‘श्रीमद रामायण’ ‘श्री राम रथ’ लेकर कानपुर पहुंचा !

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, कानपुर : मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्री राम के धार्मिक और साहसी ...