Breaking News

केजरीवाल ने किया ऐलान- उत्तराखंड में ‘AAP’ के मुख्यमंत्री पद के होंगे उम्मीदवार कर्नल कोठियाल

देहरादून। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक औऱ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री के रूप में कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल के नाम की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने कहा कि हम उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे। इससे पूर्व,  केजरीवाल के यहां पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने यहां रोड शो भी किया।

राज्य में वर्ष 2022 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिये पूरे दम-खम से जुटे आप संयोजक श्री केजरीवाल आज सुबह जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचे। जहां से उन्हें वाहनों के काफिले के साथ बीजापुर गेस्ट हाउस लाया गया। कुछ देर विश्राम के बाद उन्होंने आईटीडीआर सभागार में कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। यहां उन्होंने कर्नल (सेवानिवृत्त) कोठियाल का नाम मुख्यमंत्री के रूप में घोषित किया।

उन्होंने कहा कि उनके नाम का फैसला आप ने नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता ने किया है। इसके लिये पार्टी ने कई स्तरों पर सर्वे कराएं हैं, जिनमें अपेक्षा से अधिक लोगों ने कर्नल अजय के नाम पर समर्थन व्यक्त किया है।  केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले मनीष सिसौदिया देहरादून आए थे। उन्होंने कहा था कि इस पर हम जनता की राय जानेंगे। हमने प्रदेश की जनता से सुझाव लिए हैं। आप से मुख्यमंत्री प्रत्याशी किसे बनाना चाहिए इस पर लोगों का बेहतरीन जवाब आया है।

लोगों ने कहा कि जब से उत्तराखंड बना है तो कुछ पार्टी और नेताओं ने उत्तराखंड को लूट लिया। अब हमें पार्टियां नहीं, बल्कि देशभक्त फौजी चाहिए। बहुत बड़े स्तर पर लोगों ने कहा कि इन पार्टियों के भरोसे उत्तराखंड आगे नहीं बढ़ सकता। आप संयोजक ने कहा कि कर्नल कोठियाल वो शख्स हैं, जिन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा की। जब उत्तराखंड के नेता इस प्रदेश को लूट रहे थे, तब यह शख्स सीमा पर देश की हिफाजत में लगा था।

कुछ साल पहले केदारनाथ आपदा आई थी। तब इस शख्स ने अपनी टीम के साथ मिलकर केदारनाथ का पुनर्निर्माण किया था, अब उन्होंने उत्तराखंड के नवनिर्माण का बीड़ा उठाया है। इसके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं। यहां इतने तीर्थ स्थान हैं।

कितने देवी देवताओं का वास है यहां। पूरी दुनिया से हिन्दू यहां श्रद्धा के साथ दर्शन करने आते हैं। कर्नल कोठियाल को केदारनाथ में काम की वजह से लोग भोले का फौजी भी कहते हैं। इस अवसर पर भावी मुख्यमंत्री के रूप में कर्नल कोठियाल ने कहा कि जब श्री केजरीवाल मुझे खुद जिम्मेदारी दे रहे हैं तो मेरे लिए यह काम आसान नहीं है। मैंने बहुत बड़े चैलेंज देखे हैं। फौज में फ्रंट लाइन में जाकर दुश्मन के छक्के छुड़ाए। यहां की फ्रंट लाइन है राजनीतिक फील्ड।

मैं कोई नेता नहीं और न ही कोई ऐसी राजनीति जानता हूं। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने 2014 मार्च से हमें केदारनाथ पुनर्निर्माण का काम दिया था तब महिला शक्ति ने उस समय अपने बच्चों को बोला था कि अगर ये कर्नल केदारनाथ जाना चाहता है तो तुम क्यों नहीं। शुरू में मुझे नहीं पता था कि इसका नाम यूथ फाउंडेशन बनेगा लेकिन धीरे-धीरे युवाओं ने इसे आगे बढ़ा दिया। कर्नल कोठियाल ने कहा कि मैंने केजरीवाल की सरकार का मॉडल देखा।

उनका गवर्नेंस मॉडल मैंने फॉलो करना शुरू किया। तब सोचा कि अगर मैं भी यहां विकास के लिए काम करूंगा तो निश्चित तौर पर सब साथ आएंगे। उन्होंने कहा कि मैं शादीशुदा नहीं हूं। अगर मैं सेना में होता तो शायद ब्रिगेडियर बन गया होता। मुझे यहां इस नई तरह की राजनीति में मजा आ रहा है। मुझे असफल मत होने देना आप पार्टी को उत्तराखंड में विकास का मॉडल तैयार करने के लिए इंडियन आर्मी की शार्ट सर्विस कमीशन की तरह बस छह माह का समय दीजिए।

 

Loading...

Check Also

लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार के खिलाफ वोट कर रही है : अखिलेश यादव

राहुल यादव, लखनऊ / आगरा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा ...