Breaking News

कृषि कानून की प्रतियां फाड़ दिल्ली विधानसभा में गरजे केजरीवाल, कहा- अंग्रेजों से बदतर न बने केंद्र सरकार

अशाेक यादव, लखनऊ। नरेन्द्र मोदी सरकार के कृषि क्षेत्र से जुड़े तीन कानूनों का गुरुवार को दिल्ली विधानसभा में जमकर विरोध हुआ और सत्तारुढ़ आम आदमी पार्टी के विधायकों के सदन में कानून की प्रतियां फाड़ने से हंगामा हो गया। दिल्ली विधानसभा का आज एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है। सत्र की शुरुआत में ही परिवहन और पर्यावरण मंत्री कैलाश गहलोत ने एक संकल्प पत्र पेश किया, जिसमें तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने की बात कही गई।

इस दौरान दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कृषि कानून की प्रतियां फाड़ते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में हमारे वकील ने केंद्र सरकार को जिम्मेदार बताया है। कोरोना काल में क्यों ऑर्डिनेंस पास किया?

पहली बार राज्यसभा में बिना वोटिंग के 3 कानून को कैसे पास कर दिया गया? ये कानून भाजपा के चुनाव के फंडिंग के लिए बने हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा केंद्र के कृषि कानूनों को खारिज कर रही है, केंद्र सरकार अंग्रेज से बदतर न बने और कानून वापिस ले। दिल्ली विधानसभा में कृषि कानूनों को निरस्त करने का संकल्प पत्र स्वीकार कर लिया गया है।

सीएम ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने बरेली में रैली की और तीनों बिलों के फायदे समझाने लगे कि तुम्हारी जमीन नहीं जाएगी, मंडी बंद नहीं होगी। भाजपा वाले बताएं इस कानून से फायदा क्या है? भाजपा वालों को एक लाइन रटवा दी गई है कि किसान देश में कहीं भी फसल बेच सकता है।

हवा में बात करने से क्या होगा? किसानों को नहीं भाजपाइयों को भ्रमित किया गया है, भाजपाइयों को अफीम खिला दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार और कितनी जान लेगी? अब तक 20 से ज्यादा किसान इस आंदोलन में शहीद हो चुके हैं। एक-एक किसान भगत सिंह बनकर आंदोलन में बैठा है।

प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्तारुढ़ दल के महेंद्र गोयल और सोमनाथ भारती ने भी सदन में कृषि कानून की प्रतियां फाड़ी और जय जवान, जय किसान के नारे लगाते हुए कहा कि जो कानून किसानों के पक्ष में नहीं हैं, उसे स्वीकार नहीं करेंगे। आप पार्टी कृषि कानूनों के पक्ष में आंदोलनरत किसानों के साथ नजर आ रही है। पार्टी तीनों कानून को किसानों के खिलाफ बताकर इन्हें तुरंत वापस लेने की मांग कर रही है।

Loading...

Check Also

पूर्वोत्तर रेलवे के उप मुख्य परिचालन प्रबंधक सुमित कुमार ने क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान का निरिक्षण किया

पूर्वोत्तर रेलवे का क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी / गाज़ीपुर ...