Breaking News

उ.प्र. में कानून व्यवस्था ध्वस्त, लागू किया जाए राष्ट्रपति शासनः अखिलेश यादव

अशाेेेक यादव, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानपुर अपहरण और हत्याकांड मामले को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यूपी में अपराधियों का खूनी खेल जारी है। सत्ता संरक्षित अवांछित समाज विरोधी तत्वों को किसी का डर नहीं है।

कोई दिन ऐसा नहीं होता कि जब राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हत्या, लूट, अपहरण, दुष्कर्म की घटनाओं की सूचनाएं न आती हों। प्रदेश में कानून का राज पूरी तरह से खत्म हो गया है। राज्य में संवैधानिक संकट के कारण राष्ट्रपति शासन लगना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कानपुर में 22 जून को अपहृत युवक संजीत यादव की हत्या समूची कानून व्यवस्था की हत्या है अभी तक उसकी लाश का बरामद न हो पाना पुलिस की अकर्मण्यता और घोर लापरवाही का नतीजा है।

अपने इकलौते पुत्र को खोने वाले पीड़ित परिवार में संजीत की मां सुषमा को सपा की ओर से 5 लाख रूपए की आर्थिक मदद दी गई। समाजवादी पार्टी मांग करती है कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को 50 लाख रूपए की मदद करें।

अखिलेश ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश में अपराधों की बढ़ोत्तरी ही भाजपा शासन की एक मात्र उपलब्धि रही है। माफियाओं, गुंडो की साठगांठ सत्तारूढ़ दल के नेताओं से है और पुलिस भी उनसे अपनी भागीदारी निभाती है।

अभी कानपुर नगर के बिकरू गांव में जो भयानक कांड हुआ उससे तो इसी तथ्य की पुष्टि होती है। संजीत यादव के अपहरण के बाद फिरौती की रकम 30 लाख रूपए भी बदमाश पुलिस के सामने से ही लेकर फरार हो गए। खाकी के लिए क्या यह शर्म की बात नहीं?

सपा प्रमुख ने कहा कि पुलिस मुख्यालय और यूपी डायल 100 पुलिस व्यवस्था समाजवादी सरकार में की गई थी। भाजपा सरकार ने इस सबको चौपट कर दिया है। भाजपा सरकार में किसी का भी जीवन सुरक्षित नहीं है। मुख्यमंत्री के नियंत्रण में अब प्रशासन नहीं रह गया है।

खाकी पर अपराधी हावी हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह तहस नहस है। अराजकता की स्थिति के कारण राज्य में संवैधानिक संकट है। समाजवादी पार्टी की मांग है कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाये।

Loading...

Check Also

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं भारतीय सेना द्वारा आपदा प्रबंधन संगोष्ठी एवं टेबल टॉप अभ्यास का आयोजन

मध्य कमान, लखनऊ सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने ...