Breaking News

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती आज: पीएम मोदी, रामनाथ कोविंद सहित इन नेताओं ने किया नमन

अशाेक यादव, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 125 वीं जयंती पर नमन किया है तथा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

पीएम मोदी ने टि्वट कर लिखा, “ महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत माता के सच्चे सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन। कृतज्ञ राष्ट्र देश की आजादी के लिए उनके त्याग और समर्पण को सदा याद रखेगा।” सरकार ने निर्णय लिया है कि नेताजी की जयंती को देश भर में हर वर्ष पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जायेगा। वहीं पीएम मोदी खुद आज कोलकाता में पराक्रम दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित करेंगे।

रामनाथ कोविंद ने ताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर ट्वीट करके कहा, “ नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 125वें जयंती वर्ष के समारोहों के शुभारंभ के अवसर पर उनको सादर नमन। उनके अदम्य साहस और वीरता के सम्मान में पूरा राष्ट्र उनकी जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मना रहा है। नेताजी ने अपने अनगिनत अनुयायियों में राष्ट्रवाद की भावना का संचार किया।” उ

न्होंने आगे कहा, “ भारत के स्वतंत्रता संग्राम में असाधारण योगदान देने वाले नेताजी हमारे सबसे प्रिय राष्ट्र नायकों में से एक हैं। उनकी देशभक्ति और बलिदान से हमें सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने आजादी की भावना पर बहुत बल दिया और उसे मजबूत बनाने के लिए हम पूर्णतया प्रतिबद्ध हैं।”

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 125वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के लिए राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि नेताजी साहस, बलिदान और प्रतिबद्धता की प्रतिनूर्ति थे. मातृभूमि को ब्रिटिश दासता से मुक्त कराने के लिए उन्होंने असाधारण योगदान दिया।

इसके लिए राष्ट्र सदैव का उनका ऋणी रहेगा। नायडू ने अपने संदेश में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के इस कथन का भी उल्लेख किया कि – अपनी आज़ादी की कीमत अपने खून से चुकाना हमारा फ़र्ज़ है। जो आज़ादी हम अपने त्याग और बलिदान से हासिल करेंगे उसे हम अपनी ताकत के बल पर सुरक्षित रख सकेंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 125 वीं जयंती पर आज श्रद्धांजलि अर्पित की। शाह ने शनिवार को अपने टि्वट संदेश में कहा , “ नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के साहस और पराक्रम ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई शक्ति प्रदान की।

उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में अपने करिश्माई नेतृत्व से देश की युवाशक्ति को संगठित किया। स्वतंत्रता आन्दोलन के ऐसे महानायक की 125वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।” एक अन्य टि्वट में उन्होंने कहा , “ सम्पूर्ण राष्ट्र नेताजी के पराक्रम और अविरल संघर्ष के लिए सदैव ऋणी रहेगा। उनकी जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने उन्हें एक अभूतपूर्व श्रद्धांजलि दी है। समस्त देशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं देता हूं।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाने के लिए उनके बलिदान का राष्ट्र सदैव ऋणि रहेगा। नड्डा ने ट्वीट कर देशवासियों को ‘‘पराक्रम दिवस’’ की शुभकामनाएं भी दी। नड्डा ने कहा, ‘‘आजाद हिंद फौज के संस्थापक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन व सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाने और भारत की स्वतंत्रता हेतु आपके त्याग, बलिदान और समर्पण का राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।’’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ठाकरे ने यहां बांद्रा स्थित अपने निजी निवास ‘मातोश्री’ में आजाद हिंद फौज के संस्थापक को पुष्पांजलि अर्पित की।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को देशनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी। बनर्जी ने ट्वीट करके कहा, ” देशनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि। वह एक सच्चे नेता थे और लोगों की एकता में दृढ़ता से विश्वास करते थे। हम इस दिन को देशनायक दिवस के रूप में मना रहे हैं।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार ने 23 जनवरी 2022 तक यानी साल भर चलने वाले कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एक समिति का गठन किया है। राजारहाट में आजाद हिंद फौज के नाम पर एक स्मारक बनाया जाएगा। नेताजी के नाम पर एक विश्वविद्यालय भी बनाया जा रहा है, जिसका सारा खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाया जाएगा और ये विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ संबद्ध होगा। ”

बनर्जी ने कहा कि देशनायक दिवस के मौके पर आज बंगाल में एक भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी। इस वर्ष बंगाल में गणतंत्र दिवस की परेड भी नेताजी को समर्पित की जाएगी। केंद्र को 23 जनवरी को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करना चाहिए।

Loading...

Check Also

एमओबीसी-246 के सफ़ल समापन पर ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज, एएमसी सेंटर में परेड आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (एमओबीसी)-246 के सफल समापन पर ...