Breaking News

सीतापुर: भाजपा विधायक ने थामा अखिलेश का हाथ

अशाेक यादव, लखनऊ। भाजपा सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर अक्सर सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले सीतापुर नगर के भाजपा विधायक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई उनकी एक फोटो ने राजनैतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।

वायरल इस फोटो में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भाजपा नगर विधायक राकेश राठौर मुलाकात कर रहे हैं। दोनों नेता हांथ मिला कर फोटो सेशन कराते नजर आ रहे हैं। इस फाेटो के वायरल होने से भाजपा, सपा सहित अन्य राजनैतिक पार्टियों में विधायक राकेश राठौर को लेकर चर्चाएं गर्म हो गई हैं।

इससे न सिर्फ भाजपा में खलबली मच गई है, बल्कि सपा के कुछ नेताओं के भी पसीने छूट गए। दरअसल चर्चाएं यह हैं कि भाजपा विधायक ने सपा का दामन थाम लिया है, लेकिन अभी तक किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सत्ता के गलियारे में खबर यह भी है वह आगामी विधानसभा चुनाव में सपा से टिकट की भी दावेदारी कर रहे हैं।

इन दावेदारी की चर्चाओं से उन खेमों में उलझन मची है, जो सपा से टिकट पाने के दावे कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर छाए इस फोटो को लेकर भाजपा विधायक के सपा में शामिल होने की कोई पुष्टि नहीं हो रही है। न ही सपा पार्टी स्वीकार रही है और न खुद विधायक राकेश राठौर सपा में शामिल होने की बात स्वीकार कर रहे हैं।

वायरल फोटो व सपा मुखिया से मुलाकात के बारे में भाजपा विधायक राकेश राठौर से बात की गई। उन्होंने सपा प्रमुख के साथ वायरल हो रही फोटो के बारे में बताया कि यह मेरी सामान्य सी मुलाकात है। बोले, दो-तीन दिन पहले सपा प्रमुख से मुलाकात करने गया था। सूत्रों का दावा है कि भाजपा विधायक आठ सितंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात करने के लिए जाने वाले थे, लेकिन यह फोटो किस दिन की है, इसकी जानकारी नहीं है।

दावा किया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व भाजपा विधायक सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव से भी मुलाकात कर आए हैं। यह मुलाकात दिल्ली में हुई थी। सपा प्रमुख से भाजपा विधायक की मुलाकात को लेकर सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव का कहना है कि मेरे पास इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। पार्टी में लाने के सवाल पर जिलाध्यक्ष बोले, आ ही गए हैं। धीरे-धीरे ही रहे हैं। टिकट दिलाने के सवाल पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह राष्ट्रीय अध्यक्ष तय करेंगे। यह उनका विषय है।

Loading...

Check Also

जानलेवा कोरोना वैक्सीन मामले को सुप्रीमकोर्ट स्वतः संज्ञान में ले, दोषी लोगों पर चलाए नरसंहार का मुकदमा – रामगोविंद चौधरी

  अनुपूरक न्यूज एजेंसी, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय ...