Breaking News

राजभवन के निकट कैश वैन से 6.50 लाख की लूट : भाजपा राज में उत्तर प्रदेश भयाक्रांत , अपराधी बेखौफ : अखिलेश यादव

सूर्योदय भारत / लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश भयाक्रांत है। भाजपा राज में हत्या, लूट, अपहरण की घटनाएं रोजमर्रा की बात हो गई हैं। अपराधी बेखौफ हैं और कानून-व्यवस्था का बुरा हाल है। दिन दहाड़े हो रही घटनाओं पर नियंत्रण में शासन-प्रशासन पूरी तरह अक्षम साबित हो गया है। राज्यपाल महोदय अक्सर कहते हैं कि कानून-व्यवस्था में सुधार की जरूरत हैं परन्तु अब सुधार की जगह राजभवन के निकट ही लूट और हत्या की वारदातें होने लगी हैं।
 आज राजभवन के निकट एक कैश वैन से लगभग 6.44 लाख रूपए लूट लिए गए। उसके ड्राईवर को गोली मार दी गई। समय पर एम्बूलेंस न पहुंचने के कारण उसकी मौत हो गयी। उसका दूसरा सहयोगी बुरी तरह घायल हो गया। जिस क्षेत्र में घटना हुई वहां आस-पास कई कार्यालय हैं और लोग आते-जाते रहते है। यह कोई पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व भी कई लूट हो चुकी हैं और हत्याएं भी हो चुकी है। फिर भी कोई सबक नहीं सीखा गया। चेन लूट तो रोज की बात है।
समाजवादी सरकार में अपराध नियंत्रण के लिए यूपी 100 डायल पुलिस व्यवस्था की गई थी जो बदहाली में है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 सेवा थी उसे भी निष्क्रिय कर दिया गया। फलतः अब शोहदों के डर से कितनी ही छात्राओं ने स्कूल- कालेज जाना छोड़ दिया है। कुछ ने तो लोक लाज के चलते आत्महत्या तक कर ली।
 बढ़ते अपराधों के चलते प्रदेश में कौन निवेश करने या उद्योग लगाने का इरादा करेगा। भाजपा ने प्रदेश के विकास को अवरूद्ध कर दिया है और अपराधों के विकास में निवेश करना शुरू कर दिया है।
Loading...

Check Also

एएमसी सेंटर एवं कॉलेज को अपना पहला 108 फीट का स्मारक ध्वज मिला

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लेफ्टिनेंट जनरल कविता सहाय, एसएम, वीएसएम, कमांडेंट एएमसी सेंटर ...