Breaking News

कर्नाटक और उपचुनाव में हुई विपक्षी एकजुटता से भाजपा में चिंता, संबित ने महागठबंधन पर साधा निशाना

लखनऊ: पहले कर्नाटक और फिर उपचुनाव के दौरान दिखी विपक्षी एकजुटता ने भाजपा को और चौकन्ना कर दिया है। यही वजह है कि भाजपा विपक्षी दलों पर हमला करने का एक भी मौका नहीं छोड़ रही है। इसके चलते भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर महागठबंधन को निशाने पर लिया है।

उन्होंने महागठबंधन की तुलना आतंकी हाफिज सईद से कर दी है। दरअसल, संबित पात्रा ने हाफिज सईद के जहरीले भाषण का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहा है और उन्हें रोकने की बात कर रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए संबित पात्रा ने लिखा, ‘इसमें कोई नई बात नहीं है कि महागठबंधन 2019 में मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकना चाहता है।

महागठबंधन के अलावा ऐसे कई अन्य लोग भी हैं जो ऐसा ही चाहते हैं। हाफिज सईद खुलेआम नरेंद्र मोदी का खून बहाने की बात कर रहा है।’ संबित पात्रा ने एक और ट्वीट किया है कि जिसमें उन्होंने महागठबंधन की तुलना आतंकी हाफिज से करने से इन्कार किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘मोदी की ओर से कालेधन और भ्रष्टाचार पर हमला भारत में विपक्ष को एक मंच पर ले आया। सर्जिकल स्ट्राइक और आंतकवाद पर हमले से हाफिज सईद निराश है। यह साबित करता है कि मोदी सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है।’

जाहिर है कि भाजपा का विजय रथ और मोदी लहर को रोकने के लिए अब तमाम विपक्षी दलों ने गठजोड़ कर दिया है। इसका परिणाम भी पहले गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के दौरान दिखा, उसके बाद कर्नाटक में भी विपक्षी एकता देखने को मिला। इसके बाद चार लोकसभा और 10 विधानसभा चुनाव में भी विपक्षी दल भाजपा के खिलाफ एकजुट हो गए। ऐसे में यह तो साफ नजर आ रहा है कि 2019 में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए विपक्ष अभी से एड़ी चोटी का जोर लगाने में जुट गया है।

Loading...

Check Also

लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार के खिलाफ वोट कर रही है : अखिलेश यादव

राहुल यादव, लखनऊ / आगरा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा ...