Breaking News

ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 में बोले शाह- देश को बदलने के लिए काम कर रहे मोदी

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी- 2 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि हम देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाएंगे। कई लोग इस पर टिप्पणी करते रहे, लेकिन मैं आज कहना चाहता हूं कि देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर पर ले जाने की बुनियाद हमारी सरकार डाल चुकी है। उन्होंने कहा कि देश को बदलने के लिए पीएम मोदी काम कर रहे हैं। शाह ने कहा कि योगीराज में यूपी की तस्वीर बदल रही है। योगी ने कम समय में सफलता को जमीन पर उतारा है। देश में सबसे सफल इंवेस्टर्स समिट की शुरुआत गुजरात ने की थी, लेकिन आश्चर्य की बात ये है कि प्रदेश में भी इतने कम समय में योगी ने इसे सफल बनाया। फरवरी 2018 में जब 4 लाख 68 हजार करोड़ रुपये के निवेश के लगभग 1000 एएमओ हुए थे तब भी मुझे बहुत खुशी हुई थी।

आज यूपी के अंदर विकास की एक नई शुरुआत हुई है, इससे देश के सबसे बड़े प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। आज इस कार्यक्रम से 250 परियोजनाओं का शिलान्यास और 65 हजार करोड़ रुपये का इंवेस्टमेंट होने जा रहा है। इतने कम समय पर 25ः से ज्यादा एमओयू को जमीन पर उतारने के लिए मैं राज्य सरकार को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि आज देश में आयकर भरने वालों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। पहले 3 करोड़ 80 लाख लोग इनकम टैक्स भरते थे, लेकिन आज 6 करोड़ 70 लाख लोग इनकम टैक्स भरते हैं। दुनिया का सबसे बड़ा टैक्स रिफॉर्म, जीएसटी आज हमारे देश में सुचारु रूप से चल रहा है। जब हम जीएसटी का बिल लाए तो दुनिया भर के लोग कहते थे कि भारत में ये सफल कैसे हो पाएगा। आज मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में जीएसटी सफलता के साथ लागू किया जा रहा है। सिर्फ 5 साल के अंदर हम विश्व बैंक की तालिका में 142वें स्थान से 77वें स्थान पर पहुंच गए हैं। गृहमंत्री ने कहा कि बिजली उत्पादन में हम 99वें स्थान पर थे, लेकिन अब 26वें स्थान पर आ चुके हैं।

आज 17 नए मेडिकल कॉलेज उत्तर प्रदेश में बनाने का काम हमने कर दिया है। पिछली सरकारों में देश का सबसे बड़ा, सबसे ज्यादा आबादी, सबसे ज्यादा संसाधनों, सबसे ज्यादा पानी की उपलब्धता वाला प्रदेश बुरी तरह से बिखरा पड़ा था। 2017 में जनता ने बीजेपी को सरकार बनाने का मौका दिया और योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यूपी में ढेर सारे परिवर्तन हुए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह और उद्योगपतियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का समय है। पीएम मोदी और शाह के मार्गदर्शन से यूपी के हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम संकल्प पत्र को मंत्र मानकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने जो अनुमान लगाया था वो ही परिणाम आए। मेहनत के दम पर बीजेपी देश में आगे बढ़ रही है। यूपी को लेकर पहले धारणा खराब थी, लेकिन अब प्रदेश की तस्वीर बदल रही है। यूपी में डेढ़ लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ।

करीब 28 लाख युवाओं को रोजगार मिले। 1 साल में 28 फीसदी एक्सपोर्ट बढ़ा। यह हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण पल है। इंवेस्टर समिट में मोदी का मार्गदर्शन मिला था। उसका परिणाम यह है कि इसका असर हर जगह दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि हम अच्छी नियत से काम कर रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर लिखा कि हमारा उद्देश्य और लक्ष्य है उप्र में विकास की धारा को तीव्र गति देना है, जिससे हर एक नागरिक, हर एक वर्ग, शोषितों और वंचितों का सर्वांगीण विकास हो सके। जीबीसी-2 में 65,000 करोड़ के करीब 250 प्रोजेक्ट का शुभारंभ होगा। आइए, उत्तर प्रदेश में चल रही औद्योगिक क्रांति का हिस्सा बनिए। उत्तर प्रदेश आगे बढ़ेगा तभी भारत नई ऊंचाइयों को छू सकेगा। उत्तर प्रदेश ने सुनिश्चित कर लिया है कि वो भारत के तीव्र आर्थिक विकास का इंजन बनेगा। हमने उत्तर प्रदेश को भय-मुक्त और व्यापार-युक्त बनाया है।

आइए, हम सब मिलकर एक नया उत्तर प्रदेश बनाएं।उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमित शाह राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कार्यक्रम के आयोजक सतीश महाना समेत यूपी कैबिनेट के सभी मंत्री मौजूद रहे। इस अवसर पर मेदांता ग्रुप के चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा कि सरकार निवेशकों की मदद कर रही है। यूपी में कानून-व्यवस्था बहुत अच्छी है। ढाई साल में लखनऊ मेदांता अस्पताल तैयार किया गया है। सभी अधिकारियों के सहयोग से यह रिकॉर्ड समय में तैयार हुआ। 15 हजार लोगों को मेदांता लखनऊ से रोजगार मिलेगा। इसी के साथ ही नोएडा में 700 बेड के मेदांता अस्पताल का आज शिलान्यास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि नोएडा के बाद गोरखपुर और वाराणसी में भी मेदांता अस्पताल खोले जाएंगे। बता दें कि इससे पहले शाह सीमा सुरक्षा बल के विशेष विमान से चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी प्रदेश अधयक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उनका स्वागत किया।

Loading...

Check Also

दुष्कर्मी नेताओं से भरी बीजेपी को सत्ता से जड़ से उखाड़ कर फेंक दिया जाये : ममता चौधरी, कांग्रेस नेत्री

प्रज्वल रेवन्ना की तस्वीर जलाते हुए कांग्रेस की महिला नेत्रियां सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ ...