Breaking News

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का सोमवार को निधन हो गया। वह 93 साल के थे। उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि कोरोना वायरस के बाद हुई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के बाद यहां एक निजी अस्पताल में उनका निधन हुआ। वह कुछ हफ्ते पहले ही कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और कई दिनों तक एम्स में भर्ती रहने के बाद उन्हें छुट्टी भी मिल गई थी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल समेत अन्य नेताओं ने मोतीलाल वोरा के निधन पर दुख जताया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख प्रकट करते हुए ट्वीट किया, ”वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और बेहतरीन इंसान थे। हमें उनकी कमी बहुत महसूस होगी। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरा स्नेह एवं संवेदना है।”

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए एक ट्वीट में मोदी ने कहा, ”मोतीलाल वोरा जी कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं में थे, जिन्हें दशकों लंबे राजनीतिक जीवन में व्यापक प्रशासनिक और सांगठनिक अनुभव था। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोती लाल वोरा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह हमारे सबसे वरिष्ठ नेता थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, कांग्रेस के महासचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में बिताया।

उन्होंने कहा कि वह ऐसे असाधारण व्यक्तित्व के अनुभवी नेता थे, जिनका जीवन कांग्रेस को समर्पित था। उन्होंने अपनी अंतिम सांस तक पार्टी के लिए समर्पित रूप से काम किया। उनका निधन पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं उनके परिवार और समर्थकों को शक्ति देने की प्रार्थना की।

20 दिसंबर 1927 को राजस्थान के नागौर जिले में जन्मे मोतीलाल वोरा ने अपने राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने कई वर्षों तक पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करने के बाद 1968 में राजनीति में प्रवेश किया। लंबे समय तक कांग्रेस कोषाध्यक्ष रहे मोतीलाल वोरा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तरप्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं। मोतीलाल वोरा गांधी परिवार के बेहद करीबी थे।

Loading...

Check Also

लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार के खिलाफ वोट कर रही है : अखिलेश यादव

राहुल यादव, लखनऊ / आगरा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा ...