Breaking News

आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मनाया जाएगा ‘अमृत महोत्सव’

अशाेक यादव, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भाजपा के सभी सांसदों व जनप्रतिनिधियों से आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर देश भर में मनाए जाने वाले अमृत महोत्सव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।

इसकी शुरुआत 12 मार्च को गुजरात के साबरमती आश्रम से होगी। संसद भवन परिसर में आज हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने यह जानकारी दी। संसदीय दल की यह बैठक लगभग एक साल बाद हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने बताया कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ का महोत्सव 75 सप्ताह तक देश भर के 75 स्थानों पर व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। जोशी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से सरकार की ओर से चलाए जा रहे कोविड-19 टीकाकरण अभियान में पात्र लोगों की मदद करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि वह टीकाकरण अभियान में सहायक की भूमिका निभाएं। जैसे लोगों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने में वाहन की व्यवस्था, टीका केंद्रों में व्यवस्था बनाने में उनकी मदद करने और अन्य माध्यमों से लोगों की मदद करना।” जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों और सभी जन प्रतिनिधियों से अमृत महोत्सव भगीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

भाजपा संसदीय दल ने कोविड-19 महामारी के दौरान देश व दुनिया को नेतृत्व देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया। जोशी ने यह प्रस्ताव पेश किया था। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी संसदीय दल को संबोधित किया और कहा कि महामारी के दौरान भाजपा ने लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी और साथ ही अपने दायरे को भी व्यापक किया।

राज्य सभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने देश की आजादी का 75 वां वर्ष शुरू होने पर मनाये जाने वाले अमृत महोत्सव कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सदस्यों के शामिल होने का अनुरोध किया है।

नायडू ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान राज्यों एवं केंद्र शासित क्षेत्रों में प्रदर्शनी लगायी जायेंगी तथा कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस महोत्सव की शुरुआत इस वर्ष 12 मार्च को साबरमती से दांडी तक की पदयात्रा से होगी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ऐतिहासिक दांडी यात्रा की याद में होने वाली यह यात्रा 5 अप्रैल तक चलेगी।

Loading...

Check Also

दुष्कर्मी नेताओं से भरी बीजेपी को सत्ता से जड़ से उखाड़ कर फेंक दिया जाये : ममता चौधरी, कांग्रेस नेत्री

प्रज्वल रेवन्ना की तस्वीर जलाते हुए कांग्रेस की महिला नेत्रियां सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ ...