Breaking News

योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद में माघ मेला परिसर स्थित विद्या भारती क्षेत्रीय बालिका शिविर के ‘समुत्कर्षा’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया

इलाहाबाद / अशोक यादव : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने इलाहाबाद भ्रमण के दौरान आज माघ मेला परिसर स्थित विद्या भारती क्षेत्रीय बालिका शिविर के ‘समुत्कर्षा’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि तीर्थराज प्रयाग का अपना महत्व है और यह मान्यता है कि माघ मास के अवसर पर सभी तीर्थ प्रयागराज में वास करते हैं। भारत की शास्त्रीय मान्यता को आज इस आयोजन ने एक बार पुनः चरितार्थ कर दिया है जब एक साथ हजारों बालिकाएं पूर्वी प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से विद्या भारती द्वारा संचालित संस्थाओं से आयी हुयी है। 
योगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव से मातृत्व प्रधान संस्कृति रही है। हम अपने देश को भी भारत माता के नाम सम्बोधित करते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता अभियान में महिलाओं के योगदान की याद दिलाते हुए रानी लक्ष्मीबाई एवं अहिल्याबाई होल्कर के जीवन एवं उनके संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाएं अपना नेतृत्व देश को प्रदान कर रही हैं। देश की विदेश मंत्री, लोकसभा की स्पीकर, देश की रक्षा मंत्री के रूप मे कार्य कर महिलाओं ने अपनी प्रतिभा को विश्व के सामने रखा है।
24 घण्टे संचालित निःशुल्क ‘181’ हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाएं स्वयं को सुरक्षित कर सकती हैं। ‘1090’ की हेल्पलाइन भी महिला के लिए प्रदेश शासन द्वारा संचालित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर गांव में महिलाओं के सशक्तीकरण एवं उनके स्वावलम्बन एवं सम्मान के लिए महिलाओं से सम्बन्धित स्वयंसेवी संस्था का गठन किया जा रहा है। प्रदेश में 60 हजार ग्राम पंचायतें हैं तथा हर ग्राम पंचायत में एक स्वयंसेवी समूह गठित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी समूहों के माध्यम से गांवों में महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को पूरा किया जा सकेगा। महिलाओं से सम्बन्धित योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं शिविरों के आयोजन से महिलाओं को इन योजनाओं से अवगत कराते हुए उन्हें स्वावलम्बी बनाते हुए महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाया जा सकता है।
योगी ने कहा कि समुत्कर्षा बालिका शिविर में कौशल विकास, कैरियर काउन्सिलिंग, लेखन के द्वारा नाम रोशन करने वाली महिलाओं के बारे में विभिन्न कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया जाना एक अभिनव प्रयोग होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अन्दर का माहौल तीव्र गति से बदल रहा है। आज विश्व में भारत का सम्मान निरन्तर बढ़ रहा है। कुम्भ का आयोजन हजारों सालों से होता आ रहा है और अभी कुम्भ-2019 का दिव्य एवं भव्य आयोजन किया जाना है। पहली बार कुम्भ के आयोजन को विश्व की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में यूनस्को ने मान्यता दी है, जो दुनिया में भारत की संस्कृति के प्रति सम्मान को जाहिर करता है। इसी तरह योग की विरासत को भी यूनेस्को ने मान्यता दी और दुनिया के 192 देश योग की परम्परा से जुडे़। भारत की संस्कृति को विश्व में मान्यता मिल रही है। उन्होंने कहा कि आगामी कुम्भ-2019 का आयोजन उत्तर प्रदेश का ही नहीं, बल्कि दुनिया का अद्भुत पर्व होगा। गंगा जी की अविरलता एवं निर्मलता के लिए भारत सरकार द्वारा 20 हजार करोड़ रुपए की योजना लागू की गई है।
ज्ञातव्य है कि विद्याभारती पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा बालिकाओं में नवचेतना हेतु समर्पित क्षेत्रीय बालिका शिविर का आयोजन किया गया है, जो 30 जनवरी, 2018 तक चलेगा। इस शिविर में बालिकाओं में अन्तर्निहित असीम क्षमताओं एवं नैसर्गिक गुणों व शक्तियों का प्रकटीकरण किया जाएगा, जिसके लिए विद्याभारती पूर्वी द्वारा उत्तर प्रदेश की 15,000 छात्राओं को चयनित किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने ‘समुत्कर्षा’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क मंत्री नन्द कुमार नंदी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय संयोजिका, बालिका शिक्षा, विद्याभारती सुश्री रेखा चुडासमा सहित बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित थीं।
Loading...

Check Also

एएमसी सेंटर एवं कॉलेज को अपना पहला 108 फीट का स्मारक ध्वज मिला

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लेफ्टिनेंट जनरल कविता सहाय, एसएम, वीएसएम, कमांडेंट एएमसी सेंटर ...