Breaking News

यूपी: सीएम योगी ने किया मिशन शक्ति की समीक्षा, महिलाओं की सहायता के लिए थानों में स्थापित की गई हेल्पडेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने के दिए निर्देश

अशाेक यादव, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के थानों में महिला पुलिसकर्मियों को बीट इंचार्ज बनाया जाए। इसके लिए महिला सिपाहियों की संख्या बढ़ाई जाए, साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए थानों में स्थापित की गई हेल्पडेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

यह निर्देश मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर मिशन शक्ति की प्रगति की समीक्षा के दौरान दिए। उनके समक्ष मिशन शक्ति के तृतीय चरण को लागू किए जाने के संबंध में एक प्रस्तुतीकरण किया गया। योगी ने 1090 विमेन पावर लाइन पर दर्ज होने वाली शिकायतों के निस्तारण के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि इनका प्रभावी निस्तारण शिकायतकर्ता महिला व बालिका की संतुष्टि के अनुरूप किया जाए।

साथ ही, उससे नियमित अंतराल पर फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने कहा है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए राज्य सरकार की ओर से संचालित मिशन शक्ति अभियान का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है इसलिए आवश्यक है कि मिशन शक्ति को और गति दी जाएं।

उन्होंने मिशन शक्ति के लिए महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को सक्रिय एवं प्रभावी सहयोग देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख सचिव महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग हेकाली झिमोमी से विभाग द्वारा मिशन शक्ति तथा महिला सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के समक्ष मिशन शक्ति के संबंध में प्रस्तुतीकरण करते हुए एडीजी नीरा रावत ने इस अभियान के प्रतिभागी विभागों, मिशन के तहत भविष्य में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा और विभागवार कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मिशन से जुड़े विभागों के लिए साप्ताहिक योजना के निर्धारण के साथ-साथ संबंधित विभागों के मंत्रियों से मार्गदर्शन भी लिया जाएगा।

साथ ही विभागों और महिलाओं के साथ संवाद भी स्थापित किया जाएगा। महिला जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी मिशन में सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के समक्ष मिशन शक्ति फेज-3 के बारे में आईजी, लखनऊ परिक्षेत्र लक्ष्मी सिंह ने भी प्रस्तुतीकरण किया।

मुख्यमंत्री को अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा मोनिका गर्ग और अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने मिशन शक्ति फेज-3 के लिए अपने-अपने विभागों की कार्ययोजना की जानकारी दी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, ग्राम्य विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह (मोती सिंह), महिला कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त एस राधा चौहान, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में सीसीटीवी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अतः अब तक स्थापित किए गए सभी सीसीटीवी को प्रभावी बनाते हुए इन्हें आपस में लिंक किया जाए। साथ ही, निजी क्षेत्र के स्थानों, मॉल्स, कार्यालयों इत्यादि में स्थापित सीसी कैमरों को भी जोड़ा जाए। इसके लिए प्राइवेट सीसी कैमरा मालिकों का सहयोग लिया जाए। साथ ही सड़कों पर समुचित मार्ग प्रकाश की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

योगी ने कहा कि गृह विभाग मिशन शक्ति का नोडल विभाग होगा और प्रत्येक स्तर पर मिशन शक्ति के क्रियान्वयन की समीक्षा यही विभाग करेगा। उन्होंने अभियान में जोड़े गए विभागों की संख्या को पांच से सात तक सीमित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास, महिला कल्याण और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग जैसे प्रमुख विभागों को ही मिशन शक्ति में शामिल किया जाए। अभियान की सफलता के लिए यह सभी विभाग अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए कुशलता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Loading...

Check Also

एएमसी सेंटर एवं कॉलेज को अपना पहला 108 फीट का स्मारक ध्वज मिला

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लेफ्टिनेंट जनरल कविता सहाय, एसएम, वीएसएम, कमांडेंट एएमसी सेंटर ...