Breaking News

मुंबई में बड़ा हादसा: चार मंजिला इमारत गिरी, 15 लोगों की मौत की खबर, बचाव कार्य जारी

मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई के पूर्वी उपनगर कुर्ला के नाइक नगर में एक चार मंजिला इमारत के पूरी तरह ढह जाने से 15 लोगों की मौत की खबर है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। बचाव कार्य जारी है।

वही, एक महिला सहित करीब 13 अन्य घायल हो गए। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुये बताया कि कुर्ला के नाइक नगर में सोमवार देर रात चार मंजिला इमारत पूरी तरह से ढह गयी। जिससे इमारत में रह कई लोग मलबे में दब गये।

घायलों को घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल और सायन के एलटीएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य में दमकल की 10 गाड़ियां, छह बचाव वैन और एंबुलेंस लगी हुयी हैं।

दो लोगों के लापता होने की सूचना से दमकल अधिकारियों को अंदेशा है कि अभी भी कुछ लोग अन्दर फंसे हो सकते है। बचाव और राहत कार्य हालांकि जोरों पर है। इस बीच महाराष्ट्र के मंत्री सुभाष देसाई ने इस दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

उन्होंने घटना की सूचना मिलने पर राजावाड़ी अस्पताल का दौरा किया और घायलों के बारे में जानकारी ली साथ ही घोषणा की कि राज्य सरकार और बृहन्मुंबई नगर निगम घायल लोगों के चिकित्सा खर्च वहन करेगी।

महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। 4 इमारतों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन लोग फिर भी रह रहे थे। सभी को बचाना हमारी प्राथमिकता है। आसपास की दूसरी इमारतों को खाली कराने और गिराने का काम किया जाएगा।

NDRF, BMC और मुबंई पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। BMC की अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी भिड़े ने बताया कि इमारत जर्जर हो चुकी थी। 2013 से पहले मरम्मत और फिर इमारत को गिराने के लिए नोटिस दिए गए थे।

Loading...

Check Also

अंबानी परिवार के सगाई समारोह में भारतीय वायुसेना ने संभाला था जामनगर में हवाई यातायात : सूत्र

सगाई समारोह में आये विमानों के लिए भारतीय वायुसेना ने हवाई अड्डे पर अपने सैन्य ...