Breaking News

योगी सरकार ने तीन वर्ष में बदल दी यूपी की पहचान: अजय कुमार लल्लू

लखनऊ, 19 मार्च। पिछले तीन वर्ष में भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। चाहे वह कानून व्यवस्था का मुद्दा हो या फिर किसानों की समस्या रही हो, सरकार अपनी किसी जिम्मेदारी को सही ढंग से नहीं निभाया।

यह बातें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने गुरुवार को कहीं। योगी सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

अजय कुमार लल्लू ने कहा, इस सरकार के तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। सड़कें बदहाल हैं। किसाना आत्महत्या कर रहे हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से धराशाई हो चुकी है। अपराधी बेलगाम हैं, और जनता हलकान है।

महिलाएं और बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। हर दूसरे दिन बेटियों के साथ बलात्कार हो रहा है। प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं आम हैं। सुप्रीम कोर्ट भी कह चुका है कि यूपी में जंगलराज है। राजधानी लखनऊ में भी हत्याएं हो रही हैं।

जिससे प्रदेश के अन्य जनपदों की हालत समझी जा सकती है। प्रदेश में किसानों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। अन्नदाता आत्महत्या करने को मजबूर हैं। बुंदलखंड के किसानों की हालत काफी दयनीय है।

पिछले दिनों प्रदेश में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। लेकिन सरकार ने अभी तक फसलों के नुकसान के लिए कुछ नहीं किया है। बल्कि सरकार किसानों के मुद्दों पर अपने काम की खुद ही पीठ थपथपा रही है।

भाजपा ने घोषणा की थी कि सरकार बनने के बाद वह 70 लाख युवाओं को रोजगार देगी। लेकिन वह ऐसा करने में नाकाम रही। भाजपा सरकार ने खुद विधानसभा में स्वीकार किया है कि प्रदेश में 40 लाख युवा अभी बेरोजगार हैं।

इस सरकार में संघ लोक सेवा आयोग भी अनियमिताओं की भेंट चढ़ गया। नौकरियों के के लाखों पद खाली हैं, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। 1 लाख 59 हजार पदों की भर्ती सरकार ने निकाली जिसमें सभी विभागों की भर्ती शामिल है। लेकिन सभी परीक्षाओं को निरस्त किया गया, या मामला कोर्ट में चला गया।

कांग्रेस नेता ने कहा, यूपी में हुई तमाम बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। यूपी में सबसे ज्यादा 15.8 प्रतिशत युवा बेरोजगार हैं।

अजय कुमार लल्लू ने कहा, यह घोटालों वाली सरकार है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा था कि वह अपनी सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टाॅलरेंस की नीति पर चलाएंगे। लेकिन उनका यह दावा हवा-हवाई साबित हुआ।

बिजली विभाग में इतना बड़ा घोटाला होने के बाद भी विभागीय मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्रवृत्ति में भी घोटाला सामने आया है। लेकिन अभी तक किसी की जिम्मेदारी नहीं तय हो सकी है।

अजय कुमार लल्लू ने कहा, प्रदेश में इन्वेस्टर समिट के नाम पर जनता की गाढ.ी कमाई का पैसा लगाया गया। लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ। सरकारी कंपनियों में ताला लग रहा है।

पिछले कुछ वर्षों में सार्वजनिक उपकरण निर्माण की 123 कंपनियों में से अधिकतर बंद हो चुकी हैं। अब केवल 46 कंपनियां ही चल रही हैं। जो कंपनियां बंद हुई हैं, सरकार के पास उनका कोई लेखा-जोखा नहीं है।

कांग्रेस नेता ने कहा, शिक्षा विभाग में भी सरकारी धन की लूट मची हुई है। स्कूलों में बच्चों को जूता बांटने में भी घोटाला किया गया। प्रदेश के कई स्कूलों में बच्चों को एक-एक जूता दिया गया है। सोनभद्र के एक स्कूल में मिड-डे मील में 1 लीटर दूध में 32 बच्चों का पेट भर दिया गया।

प्रेस कान्फे्रंस में मौजूद विधायक आराधना मिश्रा ने कहा, प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की धज्जियां उड़ाई जा रही है। सरकार एनसीआरबी का डेटा सार्वजनिक नहीं कर रही है। प्रदेश में हर सात घण्टे में एक महिला हिंसा की शिकार हो रही है।

भाजपा सरकार में प्रदेश में महिला हिंसा में बढ़ोत्तरी हुई है। थानों में महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही है। उन्नाव की घटनाएं सरकार के दावों की पोल खोलती हैं। पहले एक युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। न्याय मांगने पर उसके पिता को थाने में पीटकर मार डाला गया। जिसमें भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर दोषी पाया गया है।

उन्नाव में एक बेटी को जिंदा जला दिया गया। शाहजहांपुर में भी भाजपा के पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री ने युवती के साथ रेप किया। एक बार फिर उन्नाव में 9 वर्ष की बेटी के साथ गैंगरेप हुआ। घटना की भयंकर थी कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के हाथ कांप रहे थे।

मोना ने कहा, यूपी में लगातार हिंसा व बलात्कार बढ़ रहे हैं। देवरिया में बेटियों को जबरन में देह व्यापार करने के लिए मजबूर किया जा रहा था। इस घटना में भी भाजपा के ही लोग शामिल पाए गए। आराधना मिश्रा ने कहा, हमारा सीधा आरोप है कि यह सब भाजपा की सह पर हो रहा है।

Loading...

Check Also

एएमसी सेंटर एवं कॉलेज को अपना पहला 108 फीट का स्मारक ध्वज मिला

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लेफ्टिनेंट जनरल कविता सहाय, एसएम, वीएसएम, कमांडेंट एएमसी सेंटर ...