Breaking News

आज पूरी तरह थम जाएगा चुनाव प्रचार, महासचिव प्रियंका गांधी के दो रोड शो और बिजनौर में मायावती करेंगी रैली

नई दिल्ली: प्रथम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार आखिरी दौर में हैं। रैलियों व जनसभाओं का सिलसिला जारी है। हालांकि आज शाम तक यहां चुनाव प्रचार पूरी तरह थम जाएगा लेकिन एन वक्त पर भी अलग-अलग पार्टियों के बड़े नेता मतदाताओं का रुख अपने पाले में करने में लगे हैं। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज सहारनपुर व बिजनौर जिले में रोड शो करने पहुंचेंगी। वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती आज बिजनौर की जनता के बीच रैली करेंगी। सोमवार को गांधी पार्क में होने वाली कांग्रेस की रैली को खराब मौसम के कारण निरस्त कर दिया गया था,

जिसके बाद प्रत्याशी इमरान मसूद ने प्रियंका गांधी के रोड शो की बात कही थी। मंगलवार सुबह इसकी औपचारिक घोषणा की गई। जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी का रोड शो चिलकाना रोड स्थित गोल कोठी से शुरू होकर चौक रायवाला, लकड़ी बाजार होते हुए कुतुबशेर तक संपन्न होगा। प्रियंका के रोड शो को लेकर प्रशासन सख्त है। इसे लेकर रुट डायवर्जन की भी व्यवस्था की गई है। जाहिर है चुनाव प्रचार आखिरी दौर में पहुंच गया है और आज शाम तक थम जाएगा। ऐसे में आखिरी वक्त में प्रियंका गांधी पश्चिमी यूपी का दिल जीतना चाहेंगी।

सहारनपुर में रोड शो करने के बाद प्रियंका गांधी बिजनौर पहुंचेंगी। यहां भी प्रियंका शहर में जनता के बीच रोड शो करेंगी। वहीं प्रियंका गांधी पहली बार सहारनपुर आ रहीं हैं। ऐसे में हर किसी में उन्हें देखने की होड़ है। सहारनपुर के लोगों में अलग ही उत्साह नजर आ रहा है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने सहारनपुर लोकसभा सीट से इमरान मसूद को प्रत्याशी बनाया है। चुनावी प्रचार के आखिरी दिन बसपा सुप्रीमो मायावती आज बिजनौर की जनता के बीच रैली को संबोधित करेंगी।

बसपा प्रमुख मायावती बिजनौर लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी मलूक नागर के लिए चुनावी माहौल बनाने का प्रयास करेंगी। मायावती प्रदर्शनी मैदान में हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगी और यहां जनसभा को संबोधित करेंगी। वह एक बजकर पंद्रह मिनट तक रैलीस्थल पर मौजूद रहेंगी। प्रशासन ने इस संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली है। एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र के मुताबिक सभा के दौरान प्रदर्शनी चौकी की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। सभी वाहन बाईपास मार्ग से होकर निकाले जाएंगे। शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

 

Loading...

Check Also

मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं एक अहंकारी राजा है : राहुल गांधी

भाजपा के सारे के सारे नेता आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं और मेरे रहते ...