ब्रेकिंग:

आने वाला समय कांग्रेस का होगा : अजय लल्लू

अशाेक यादव, लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का 137वां स्थापना दिवस मंगलवार को मनाया गया। प्रदेश मुख्यालय पर कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी का झंडा फहराकर कार्यकर्ताओं को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि, आज लखनऊ की सड़कों पर नई क्रांति (लड़की हूं लड़ सकती हूं मैराथन) दिखाई दी। यह क्रांति कांग्रेस की महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की मेहनत का नतीजा है। आने वाले समय में उप्र में कांग्रेस नई इबारत लिखेगी। आने वाला समय कांग्रेस का होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, योगी सरकार किसान और युवा विरोधी सरकार है। 700 किसानों की शहादत के बाद भाजपा सरकार ने काले कृषि कानूनों को वापस लिया। आवारा पशुओं की दहशत से किसान रात-रात भर खेतों में रखवाली करने को विवश हो रहा है। प्रदेश का युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहा है। 21 लाख नौजवान जब टेट की परीक्षा देने जाता है तो वह बस एवं रेलवे स्टेशनों पर शरण लेता है।

सुबह परीक्षा देने से पहले ही पर्चा आउट हो जाता है। आज नौजवानों नाउम्मीद और बेसहारा है। 75 हजार छोटी-बड़ी कंपनियां केवल नोएडा और गाजियाबाद में बंद हो गई। महंगाई ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। इस मौके पर तौकीर आलम, प्रमोद पांडेय, श्याम किशोर शुक्ला व दिनेश सिंह सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।

मंगलवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल ओमकार नाथ सिंह ने चुनाव आयोग से आगामी विधानसभा चुनाव को उप्र पुलिस की जगह केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में कराने की मांग की। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि, शासन एवं पुलिस की निष्पक्षता पर लगातार प्रश्न चिन्ह उठ रहे हैं। चाहे वह सोनभद्र के उम्भा का आदिवासियों पर गोली चलाने का मामला हो या हाथरस कांड हो। लखीमपुर खीरी का कांड हो या शाहजहांपुर और उन्नाव का मामला हो।

इन सभी मामलों में पुलिस की भूमिका संवैधानिक और नैतिक नहीं थी। उन्होंने अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी पर यह आरोप लगाते हुए कहा कि, वह केंद्रीय मंत्रियों के ट्वीट को रीट्वीट करके सरकारी पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। अपर मुख्य सचिव काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर ट्वीट कर सरकार का लगातार महिमामंडन करते रहे। प्रदेश की कानून व्यवस्था उनके हाथ में है। ऐसे में निष्पक्ष चुनाव होना मुमकिन नहीं है। प्रतिनिधिमंडल में वीरेंद्र मदान व अनस खान आदि मौजूद रहे।

Check Also

उत्तर रेलवे विशिष्ट रेल सेवा महाप्रबंधक पुरस्कार : लखनऊ मंडल को 08 दक्षता शील्ड जीतने का गौरव

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / नई दिल्ली : गुरुवार 15 जनवरी 2026 को नेशनल …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com