बेंगलुरू : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं छह बार विधायक रहे विश्वेश्वर हेगडे कागेरी को बुधवार को सर्वसम्मति से कर्नाटक विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया। मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए श्री कागेरी के नाम का प्रस्ताव दिया और भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बसवराज बोम्मई ने उसका समर्थन किया। विपक्षी कांग्रेस और जनता दल (एस) ने इस पद के लिए किसी उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित नहीं किया जिसके कारण श्री कागेरी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया।उपाध्यक्ष कृष्णा रेड्डी ने श्री कागेरी की उम्मीदवारी का प्रस्ताव सदन में रखा जो बिना किसी विरोध के पारित हो गया।
श्री कागेरी को श्री येदियुरप्पा और विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सदस्य सिद्दारामैया अध्यक्ष की कुर्सी तक लेकर गये। येदियुरप्पा ने कहा कि पार्टी के सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक श्री कागेरी के अनुभव से सदन को लाभ होगा। श्री सिद्दारामैया ने भी श्री कागेरी के अध्यक्ष चुने जाने का स्वागत किया और उम्मीद जतायी कि वह निष्पक्ष होकर सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार, भाजपा नेता के एस ईश्वरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और जद (एस) के सदस्य के. कुमारस्वामी समेत कई नेताओं ने सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का वादा किया।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat