
अशाेक यादव, लखनऊ। नुपुर शर्मा के विवादित बयान को लेकर बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद सूबे के प्रयागराज, सहारनपुर, मुरादाबाद और फिरोजाबाद समेत कई शहरों शरारती तत्वों ने जमकर नारेबाजी और पथराव की। अब इस मामले में बीती रात से गिरफ्तारियों का दौर जारी है। जानकारी के मुताबिक हिंसा और पत्थरबाजी करने के आरोपियों पर अब तक कार्रवाई करते हुए सरकार ने कुल 237 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रदेश के 9 जिलों में आरोपियों के खिलाफ 13 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।
इसमें प्रयागराज में 68, सहारनपुर में 55, हाथरस में 50, अंबेडकर नगर में 28, मुरादाबाद में 25 और अलीगढ़ में कुल 3 लोग गिरफ्तार किए हैं। इसके अलावा यूपी पुलिस ने प्रयागराज में हिंसा के मास्टरमाइंड जावेद अहमद को हिरासत में लिया है। पुलिस का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने पुलिस और प्रशासन पर पथराव करने के लिए नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल किया। 29 महत्वपूर्ण धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हुयी हिंसा के मामले में पुलिस एवं प्रशासनिक कार्रवाई पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद नजर रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने दो उच्च स्तरीय बैठकों में हिंसा से जुड़े आरोपियों की पहचान कर इनके सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये। इस बीच राज्य सरकार के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को उपद्रव की घटनाओं का सामने करने वाले राज्य के विभिन्न शहरों में फिलहाल शांति है। पुलिस और सुरक्षा बल के जवान इन शहरों में स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ नेताओं द्वारा पैगंबर मुहम्मद के बारे में की गयी विवादित टिप्पणी के विरोध में इन स्थानों पर उपद्रव हुए हैं। गत सप्ताह शुक्रवार 03 जून को कानपुर के बेकनगंज इलाके में जुमे की नमाज के बाद भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर हिंसा फैलाने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों में इस सप्ताह जुमे की नमाज के बाद कानपुर जैसी वारदात ना हो, इसके लिये पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किये थे।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat