ब्रेकिंग:

भाजपा के ‘नीट’ समर्थक रुख के विरोध में एक व्यक्ति ने राज्य मुख्यालय पर पेट्रोल बम फेंके

चेन्नई। भारतीय जनता पार्टी के ‘नीट’ समर्थक रुख के विरोध में उसके तमिलनाडु मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को पेट्रोल बम फेंके गए। मामले में 38 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। भाजपा की तमिलनाडु इकाई ने इस मामले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण को सौंपने की मांग उठायी है।

हमले की निंदा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कहा कि राष्ट्र-विरोधी ताकतों और कट्टरपंथियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ द्रमुक को ”आत्मावलोकन” करना चाहिए। उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने नौ फरवरी की शाम से राज्य के कई स्थानों पर पार्टी नेताओं और कार्यालयों को निशाना बनाने के पीछे साजिश का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार को भाजपा मुख्यालय हमला मामले की जांच एनआईए को सौंप देना चाहिए। इस बीच, पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पेट्रोल से भरी तीन बोतलों में आग लगाकर उसे तड़के भाजपा के राज्य मुख्यालय पर फेंक दिया। गिरफ्तार व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड है।

पार्टी कार्यालय के प्रवेश क्षेत्र में हमला करने के तुरंत बाद वह उसी दो पहिया वाहन पर मौके से फरार हो गया , जिस पर बैठ कर वह आया था। शहर की पुलिस की ओर से जारी की गई एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अपने अधिकारियों के एक दल को सतर्क किया और मौके पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले।

इससे आरोपी की पहचान 38 वर्षीय विनोद उर्फ ‘करूक्का’ विनोद के तौर हुई, जिसके खिलाफ हत्या की कोशिश सहित कई आपाराधिक मामले दर्ज हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्राथमिक जांच में हमले के पीछे कोई राजनीतिक या धार्मिक पहलू सामने नहीं आया है। विनोद का जनहित के मुद्दों को लेकर शराब के नशे में ऐसे हमले करने का पुराना रिकॉर्ड है।

जांच में पता चला है कि वह विपक्षी दल भाजपा के राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का समर्थन करने से नाराज था। आरोपी ने 2015 में भी शराब की दुकान पर पेट्रोल बम फेंका था और 2017 में तेनामपेट थाने के प्रवेश द्वार पर भी किसी मुद्दे को लेकर पेट्रोल बम फेंका था। दोनों ही मामलों में उसे गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। भाजपा के अलावा, तमिलनाडु में अन्य राजनीतिक दल मेडिकल प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा का विरोध कर रहे हैं। तमिलनाडु विधानसभा ने आठ फरवरी को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) विरोधी विधेयक भी पारित किया था।

 

Check Also

अमेरिका का वेनेजुएला पर हमला, राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर ले जाने का दावा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा : अमेरिका ने शनिवार तड़के वेनेजुएला पर ‘बड़े पैमाने पर हमला’ …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com