दिल्ली : दिल्ली एनसीआर में ठंड में भी गर्मी का एहसास होने लगा है। दिल्ली में 20 जनवरी का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की माने तो 2012 के बाद से जनवरी में यह अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दिल्ली एनसीआर में सोमवार को गर्जन के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को दिल्ली एनसीआर में आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम के समय गर्जन के साथ बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
इस बीच न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बुधवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फ गिरने की संभावना को लेकर रेड अलर्ट जारी किया, वहीं उत्तराखंड, उत्तर-प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 जनवरी 2012 को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले साल 19 जनवरी को सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया था। उस दिन तापमान 27.7 डिग्री था।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat