लखनऊ : कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिये आज अपना घोषणा पत्र जारी किया। ‘हक पूर्ति पत्र‘ नाम के इस दस्तावेज को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के ‘सपने’ के अनुरूप तैयार किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर, पार्टी राज्यसभा सदस्य डा. संजय सिंह तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में ‘हक पूर्ति पत्र‘ जारी किया। बब्बर ने कहा कि यह घोषणा पत्र राजीव गांधी द्वारा देखे गये सपने पर आधारित है। देश में सशक्त ग्रामीण एवं शहरी निकायों की कल्पना को कांग्रेस ने 1992 में 73वें एवं 74वें संविधान संशोधन के जरिये मूर्त रूप दिया लेकिन इन निकायों को जो अधिकार मिलने चाहिये थे, वे नहीं मिल सके। ऐसे में राजीव का सपना अधूरा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता के दुख-दर्द को देखकर और समाज के जुड़े विभिन्न लोगों से बात करके यह ‘हक पूर्ति पत्र’ तैयार किया है। इसमें कोई सपना नहीं दिखाया गया है, बल्कि अपने अधिकारों के दायरे में रहकर नगरीय निकायों के विकास के लिये जो किया जा सकता है, उसके बारे में बातें कही गयी हैं। बब्बर ने कहा कि निकायों में जिन पार्टियों की सरकार रही, उन्होंने उनका क्या हाल किया यह किसी से छुपा नहीं है। कांग्रेस की सभी नीतियां हर व्यक्ति के लिये थीं। कांग्रेस अगर निकाय चुनाव जीतती है तो वह विकास कार्य करके दिखाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग ‘‘राम’’ की बात कर रहे हैं, अगर वे ‘‘राम’’ की मर्यादा का अनुसरण करते तो गोरखपुर के सरकारी अस्पताल में अब तक एक हजार बच्चों की मौत नहीं होती।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat
