
लखनऊ, 21 मार्च। कनिका कपूर को कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओ में हलचल मच गई। स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह के बाद अब गाजियाबाद के विधायक व स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने भी अपने आपको आइसोलेट कर लिया है।
अतुल गर्ग का कहना है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। हालांकि एक जागरूक नागरिक होने के नाते उन्होंने अपने आपको घर में ही आइसोलेट रहने का निर्णय लिया है।
वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि गाजियाबाद में अब एक भी मरीज कोरोना वायरस पॉजिटिव नहीं है, जो कि जिलावासियाें के लिए यह बड़ी राहत भरी खबर है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी जिले में कोई नया पॉजिटिव केस नहीं आया है।
उन्होंने बताया कि अभी तक जनपद में 51 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें से 43 की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि जिले में दो पॉजिटिव आए थे। अब इलाज के बाद उनकी भी रिपोर्ट निगेटिव है।
स्वस्थ होने के चलते उन्हें घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। फिलहाल 6 सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र गुप्ता का कहना है कि सभी लोगों को पूरी तरह सावधानी बरतने की आवश्यकता है। यदि सभी लोग इसे गंभीरता से लेते हुए सरकार की गाइडलाइन का पालन करें तो निश्चित तौर पर कोरोना वायरस को हराया जा सकता है
Suryoday Bharat Suryoday Bharat