
अशाेेेक यादव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश से गुण्डाराज खत्म करने का वादा करते हुए 2017 में सत्ता संभालने वाली भाजपा सरकार के शासन में आज गुण्डाराज और अपराध चरम पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार दावा कर चुके हैं कि मेरी सरकार में अपराधी या तो जेल में हैं या फिर प्रदेश छोड़कर जा चुके हैं।
लेकिन आज हर तरफ अपराधियों का बोलबाला है। यह बात आम आदमी पार्टी या यूपी की आम जनता ही बल्कि भाजपा के अपने विधायक और सांसद भी कह रहे हैं।
रविवार को आम आदमी पार्टी की स्टूडेंट विंग ‘छात्र युवा संघर्ष समिति’ (सीवाईएसएस) के प्रदेश अध्यक्ष वंशराज दुबे ने लखनऊ में एक प्रेस वार्ता कर योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।
छात्र नेता ने कहा, भाजपा विधायक मोहनदास अग्रवाल खुद कह रहे हैं कि प्रदेश में जाति विशेष की सरकार चल रही है। थानों में जाति विशेष को देखकर कार्रवाई हो रही है। ब्राह्मण समाज पर अत्याचार हो रहा है।
सीवाईएसएस के प्रदेश अध्यक्ष वंशराज दुबे ने कानपुर के बिकरू कांड में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। कहा कि पुलिस ने बिकरू कांड की आंड़ में जमकर खूनी तांडव किया। प्रभात नाम के एक नाबालिग ब्राह्मण युवक का भी एनकाउंटर कर दिया गया।
जबकि प्रभात के खिलाफ एक भी एफआईआर दर्ज नहीं थी। बिकरू कांड में एक अपराधी की नवविवाहिता खुशी दुबे को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जबकि वह बिकरू कांड से करीब 4-5 दिन पहले ब्याह के लाई गई थी।
छात्र ने कहा, गोरखपुर में राजेश्वर पांडेय नाम के एक वकील की हत्या कर दी गई। 2 जुलाई की रात को ही प्रयागराज में ब्राह्मण परिवार के चार सदस्यों की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। प्रतापगढ़ में दो लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गयी।
आप नेता ने कहा कि प्रदेश में पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। उन्नाव में खनन माफिया के खिलाफ खबर लिखने पर पत्रकार शलभमणि त्रिपाठी की हत्या कर दी गई।
श्री दुबे ने कहा कि प्रदेश में ब्राह्मण सहित अन्य जातियों पर अत्याचार हो रहा है। प्रदेश में ब्राह्मण हत्या और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने वालों को खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदन में नमूना बता रहे हैं।
आप सांसद संजय सिंह के खिलाफ इस सरकार ने 10 फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए गए। हमारे पार्टी कार्यालय को बंद करा दिया गया। सरकार हमारी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। लेकिन सरकार के खिलाफ उठाते रहेंगे।
छात्र नेता ने बसपा को भाजपा की बी टीम बताते हुए कहा, बसपा के विधायक तो सीएम योगी से भी आगे निकल गए। उन्होंने सांसद संजय सिंह को कीड़ा तक बता दिया।
भाजपा-बसपा के यह बयान साबित करते हैं कि प्रदेश में आप की सक्रियता से तमाम राजनीतिक दल बौखला गए हैं। लेकिन हम सरकार की लाठी, डण्डों और मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। क्योंकि आम आदमी पार्टी आंदोलन की कोख से पैदा हुई है।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat