
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) के निर्देशानुसार “क्षेत्रीय रेल हिंदी नाट्योत्सव – 2025” का शुभारंभ एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस नाट्योत्सव प्रतियोगिता में पश्चिम मध्य रेल के मुख्यालय सहित जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडलों और भोपाल एवं कोटा कारखानों की सांस्कृतिक अकादमी के नाट्य दलों के कुल 90 रंगकर्मी रेल कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 06 नाटकों का मंचन किया गया। इस प्रतियोगिता में राहुल तिवारी, विभाग प्रमुख, स्कूल फॉर परफोरमेंस आर्ट, एस.ए.जी.ई. विश्वविद्यालय, भोपाल, दिनेश चौधरी, समालोचक, नाटककार व लेखक, जबलपुर तथा आशुतोष द्विवेदी, संचालक, विवेचना रंग मंडल, जबलपुर ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि एवं महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने कहा कि नाटक साहित्य की एक महत्वपूर्ण विधा है। मैं नाटकों के निर्देशकों, कलाकारों एवं टीम मेनेजरों को बहुत-बहुत बधाई देती हूं ।
पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के दौरान प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले नाटकों को ट्रॉफी, तीन अन्य को प्रेरणा पुरस्कार एवं 13 विविध विधाओं में व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त करने वाले कलाकार रेलकर्मियों तथा निर्णायक मंडल को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त नाटक “सखी सुहाग राम मोहे दीन्हा” मुख्यालय को अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव में पश्चिम मध्य रेल का प्रतिनिधित्व करेगा। साथ ही इस प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान नाटक “भेड़िया तंत्र” जबलपुर मंडल एवं तृतीय स्थान “अपनी भाषा, अपना गौरव” सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, भोपाल विजेता रही।
इस अवसर पर प्रमोद कुमार खत्री, अपर महाप्रबंधक, एम.एस. हाशमी, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), एस.डी. पाटीदार, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं अध्यक्ष, सांस्कृति आकादमी, मुख्यालय, पमरे, जबलपुर उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी ने तथा विवेक कुमार गुप्ता, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी ने मुख्य अतिथि, निर्णाक मंडल, समस्त विभाग प्रमुखों के प्रति आभार प्रकट किया।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat