
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, सीहोर / लखनऊ : मध्य प्रदेश के सीहोर में आयोजित राष्ट्र-स्तरीय परामर्श कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा उत्तर प्रदेश में दलहन उत्पादन को प्रोत्साहन देने हेतु 125 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने केंद्र सरकार के इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रदेश को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की ठोस कार्ययोजना को बल मिलेगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूर्य प्रताप शाही ने उत्तर प्रदेश में दलहन उत्पादन की वर्तमान स्थिति, भविष्य की संभावनाओं और किसानों के समक्ष आने वाली चुनौतियों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से प्रदेश दलहन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस दौरान विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों और मिशन निदेशकों के साथ दलहन आत्मनिर्भरता के लक्ष्यों को प्राप्त करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और ओडिशा के उप-मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव उपस्थित रहे। साथ ही मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग राज्य मंत्री कृष्णा गौड़, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, कृषि मंत्री एडल सिंह कसाना, हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम, राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, गुजरात के कृषि मंत्री रमेशभाई भूराभाई कटारा, बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव, महाराष्ट्र के कृषि मंत्री आशीष जायसवाल, मिशन निदेशक राष्ट्रीय दलहन मिशन संजय कुमार अग्रवाल एवं महानिदेशक आईसीएआरडीईओ अली अनुसाना तथा महानिदेशक आईसीएआर डॉ एम एल जाट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat