ब्रेकिंग:

बीबीएयू के मानव विकास एवं परिवार अध्ययन विभाग के विद्यार्थियों का प्रयागराज शैक्षिक भ्रमण सम्पन्न

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विद्यापीठ द्वारा एम.एससी., मानव विकास एवं परिवार अध्ययन के विद्यार्थियों के लिए  प्रयागराज का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह भ्रमण विभागाध्यक्ष प्रो. शालिनी अग्रवाल तथा डॉ. सौम्या तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने त्रिशला फाउंडेशन का दौरा किया, जहाँ सेरेब्रल पाल्सी एवं गतिशील विकलांगता से ग्रस्त बच्चों के लिए संचालित पुनर्वास सेवाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष एवं बाल अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र कुमार जैन तथा सचिव एवं जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. वरदामाला जैन ने संस्था की कार्यप्रणाली एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, विशेष शिक्षा तथा पारिवारिक परामर्श की बहुविषयक कार्यप्रणाली की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग तथा परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान (होम साइंस) विभाग का भी भ्रमण किया। मनोविज्ञान विभाग में विभागाध्यक्ष प्रोफेसर चंद्रांशु सिन्हा द्वारा विद्यार्थियों को मनोविज्ञान के अनुप्रयुक्त पक्षों, शोध कार्यों एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी गई। वहीं परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग में विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अंजली माथुर ने विभाग की शैक्षिक संरचना, शोध गतिविधियों तथा सामुदायिक विस्तार कार्यों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

विद्यार्थियों ने प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) केंद्र तथा विश्वविद्यालय परामर्श प्रकोष्ठ का भी अवलोकन किया। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ। इससे उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ तथा उनके भीतर पेशेवर संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आत्मविश्वास का विकास हुआ।

Check Also

कालिंजर महोत्सव 2026 : बनेगा विरासत, पर्यटन और जनभागीदारी का विराट उत्सव : जयवीर सिंह

अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ / बांदा : बुंदेलखंड के बांदा जिले के ऐतिहासिक धरती पर …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com