
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) मुख्यालय में “कौशल कॉल सेंटर” का शुभारंभ किया।
शुभारंभ के अवसर पर मंत्री अग्रवाल ने कॉल सेंटर के माध्यम से पूर्व में प्रशिक्षित एक छात्र से फोन पर सीधा संवाद कर उसके अनुभवों की जानकारी ली और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अग्रवाल ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी युवा केवल जानकारी के अभाव में अवसर से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि “कौशल कॉल सेंटर” प्रदेश के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि कौशल कॉल सेंटर केवल एक सूचना केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं और उनके सपनों के बीच एक सशक्त सेतु है। तकनीक के माध्यम से अब प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की जानकारी युवाओं तक सरलता से पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि नियमित फीडबैक और सतत संवाद के माध्यम से युवाओं को अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर करना ही इस पहल का उद्देश्य है।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि कॉल सेंटर में वर्तमान में 30 सदस्यीय टीम तैनात की गई है, जिन्हें 15 दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। आगामी सोमवार से यह टीम पूर्ण रूप से कार्य करना शुरू कर देगी। उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर के माध्यम से प्रशिक्षण केंद्रों में अध्ययनरत युवाओं से सीधे फीडबैक लिया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में अपर मिशन निदेशक प्रिया सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Suryoday Bharat Suryoday Bharat