
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : गोस्वामी तुलसी दास और प्रेम चंद्र की रचनाओं और योगदान पर व्याख्यान के साथ महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के तुलसी सभागार में गोस्वामी तुलसी दास और प्रेम चंद्र की जयंती पूरे श्रद्धा से मनाई गई। इस मौके पर विद्वानों ने दोनों महापुरुषों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनकी रचनाओं और रचनाओं की सामाजिक मान्यता पर प्रकाश डाला। ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

इस मौके पर अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर चुके विज्ञान और पर्यावरण विषय के विद्वान् प्राध्यापक डॉ शशि कांत त्रिपाठी को सम्मानित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की सराहना की गई। डॉ ललित कुमार सिंह ने विषय प्रवर्तन करते हुए गोस्वामी तुलसी दास और प्रेम चंद्र की रचनाओं के वैशिष्ट्य को बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा द्वारा किए गए दीप प्रज्वलन से हुआ। कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो नन्द लाल मिश्रा, प्राध्यापक डॉ कपिल देव मिश्रा, प्रो शशि कांत त्रिपाठी, डॉ नीलम चौरे आदि ने व्याख्यान दिए। सत्र संचालन डॉ सुधाकर मिश्रा ने किया। आयोजन हिंदी विभाग, कला संकाय के तत्वाधान और अधिष्ठाता प्रो नन्द लाल मिश्रा के मार्गदर्शन और हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ ललित कुमार सिंह के संयोजन में संपन्न हुआ। शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र छात्राएं इस कार्यक्रम में शामिल रहे।