
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह का जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक व प्रेरणादायक है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रत्येक वर्ष 30 मार्च को गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार दिया जायेगा। केशव प्रसाद मौर्य रविवार को अपने कैम्प कार्यालय 7- कालिदास मार्ग पर आयोजित गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
समस्त देश व प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि व नव सम्वत्सर की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए गुरु गोविंद सिंह के त्याग व बलिदान की चर्चा की, वहीं उनके जीवन दर्शन पर भी प्रकाश डाला ! उप मुख्यमंत्री ने लखनऊ की सुश्री कीर्ति सिंह व सरदार परविन्दर सिंह तथा अम्बेडकरनगर नगर के धर्मवीर सिंह बग्गा को प्रशस्ति पत्र व एक लाख रुपए का पुरूस्कार प्रदान किया।

वर्ष 2023 में प्रश्नगत पुरस्कार हेतु सरदार परविन्दर सिंह, जनपद – लखनऊ का चयन किया गया । वर्ष 2024 हेतु धर्मवीर सिंह बग्गा, जनपद – अम्बेडकरनगर का चयन किया गया । इनके द्वारा पिछले 20 वर्षों से 1000 से अधिक कन्यादान की सेवा, लावारिस कोविड की लाशों का अन्तिम संस्कार, कोविड के समय 5 लाख लीटर होम सेनिटाइजर तथा 1 लाख शीशी हैंड सेनिटाइजर, 5 हजार मास्क की फ्री सेवा, 08 वर्षों से लंगर की सेवा इत्यादि सर्वोत्कृष्ट कार्य किया गया है।
मौर्य ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) की चर्चा करते हुए कहा इस बार योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी- एक स्वास्थ्य के लिए योग” रखी गयी है, उन्होंने कहा कि भारत वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना में विश्वास रखता है। विश्व को परिवार समझकर थाइलैंड व म्यांमार में आपदाकाल में भारत सहायता लेकर पहुंचा।
अपर मुख्य सचिव राष्ट्रीय एकीकरण विभाग जितेन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों व अभ्यागतों का स्वागत किया व सभी के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी व प्रेस प्रतिनिधि भी मौजूद रहे !
Suryoday Bharat Suryoday Bharat